ACC अध्यक्ष के तौर पर कब खत्म होगा मोहसिन नकवी का कार्यकाल, भारत की दो ट्रॉफी कर चुके हैं चोरी!

भारतीय महिला टीम ने एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। वहीं टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इससे पहले 2025 में पुरुष टीम के साथ भी ऐसा ही हुआ था। दोनों बार भारत की ट्रॉफी नकवी के पास रह गई। अब सभी के मन में सवाल है कि एसीसी अध्यक्ष के तौर पर नकवी का कार्यकाल कब खत्म होगा

अपडेटेड Sep 14, 2026 पर 5:18 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मोहसिन नकवी ने अप्रैल 2025 में एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष का पद संभाला था

भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को हराकर एशिया कप 2026 का खिताब जीत लिया, लेकिन जीत के बाद भी उसे ट्रॉफी नहीं मिली। इससे पहले 2025 के पुरुष एशिया कप में भी भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था, लेकिन उस समय भी टीम को ट्रॉफी नहीं मिली थी। इसकी वजह एसीसी के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी हैं। भारत पहले ही साफ कर चुका था कि वह नकवी के हाथों ट्रॉफी नहीं लेगा। इसके बावजूद एशिया कप के दोनों मौकों पर नकवी ट्रॉफी देने के लिए मौजूद रहे। अब भी भारत की दो एशिया कप ट्रॉफियां नकवी के पास हैं। अब ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर मोहसिन नकवी का एसीसी अध्यक्ष के तौर पर कार्यकाल कब तक रहेगा।

कब तक खत्म होगा नकवी का कार्यकाल

मोहसिन नकवी ने अप्रैल 2025 में एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष का पद संभाला था। स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के अनुसार, एसीसी के नियमों के मुताबिक अध्यक्ष का कार्यकाल दो साल का होता है। इस वजह से नकवी का कार्यकाल अप्रैल 2027 में पूरा होगा। ये पद रोटेशन के आधार पर भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच दिया जाता है। अगला एशिया कप मई 2027 में होने की संभावना है। नकवी से पहले जय शाह इस पद पर चार साल तक रहे थे और वह सबसे लंबे समय तक एसीसी अध्यक्ष रहने वाले व्यक्ति बने। जय शाह अब आईसीसी प्रेसिडेंट है।


सूर्या की कप्तानी में जीती थी ट्रॉफी

इससे पहले मेंस एशिया कप 2025 में भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह से हराया था। जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम ने पाकिस्तान के गृह मंत्री और एसीसी प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। समारोह खत्म होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने बिना ट्रॉफी के ही जीत का जश्न मनाया और मजाकिया अंदाज में हाथों में 'इमेजिनरी' ट्रॉफी लेकर तस्वीरें खिंचवाईं। एशिया कप फाइनल के बाद मोहसिन नकवी ट्रॉफी अपने साथ लेकर स्टेडियम से चले गए थे और उसे दुबई स्थित एसीसी कार्यालय में रख दिया था।

अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान ने जीता था मुकाबला

इसके कुछ समय बाद अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान की टीम ने भारत को हराया, जिसके बाद नकवी ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को विजेता पदक और ट्रॉफी सौंपी। उस समारोह में भारत की ओर से कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने उपविजेता टीम की ओर से अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मीरवाइस अशरफ से चेक लिया था। अब महिला एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को हराने के बाद भारतीय महिला टीम ने भी नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया।

पिछली बार भी सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप जीता था, लेकिन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद भारत बिना ट्रॉफी के लौट गया था। इस बार महिला टीम के साथ भी यही हुआ। बस फर्क इतना है कि पिछली बार पुरुष टीम और इस बार महिला टीम ने नकवी से ट्रॉफी लेने से मना किया।

अगले महीने भारत आएगी पाकिस्तान की टीम, एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी में होगा आमना-समना

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।