T20 World Cup Crisis: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। वेन्यू बदलने की बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की मांग को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने ठुकरा दिया था। इसके बाद बांग्लादेश सरकार के आदेश पर BCB ने क्रिकेट टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया है। इस फैसले से अब बांग्लादेश क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो चुकी है।
ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को चेतावनी दे दी थी कि यदि टीम भारत दौरा नहीं करेगी तो उसे वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया जाएगा। लेकिन इसके बाद भी बांग्लादेश अपनी जिद पर अड़ा रहा। भारत आने से मना करने के बाद अब बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड की टीम टूर्नामेंट में खेलेगी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार (22 जनवरी) को कहा कि यह फैसला सरकार के कहने पर लिया गया है।
ICC ने बुधवार को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के टी20 वर्ल्ड कप के अपने मैचों को श्रीलंका में शिफ्ट करने के अनुरोध को खारिज कर दिया। क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने स्पष्ट किया कि मैच निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे क्योंकि भारत में टूर्नामेंट के किसी भी स्थल पर बांग्लादेश के खिलाड़ियों, अधिकारियों या प्रशंसकों की सुरक्षा को कोई विश्वसनीय खतरा नहीं है।
यह निर्णय आईसीसी बोर्ड की वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए आयोजित की गई बैठक में लिया गया। यह मीटिंग बीसीबी द्वारा भारत में खेलने को लेकर चिंता जताने और आयोजन स्थलों में बदलाव की मांग के बाद स्थिति पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई थी।
आईसीसी सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि 16 सदस्यों में से 14 ने बीसीबी के मैच शिफ्ट करने के अनुरोध के खिलाफ मतदान किया। आईसीसी ने बीसीबी को विचार करने और अंतिम निर्णय लेने के लिए एक और दिन का समय दिया है। आईसीसी के एक सूत्र ने बताया कि सभी सदस्यों में से केवल बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और पाकिस्तान ने मैच शिफ्ट करने के अनुरोध के पक्ष में मतदान किया,। जबकि अन्य सभी सदस्यों ने इसके विरोध में मतदान किया।
स्कॉटलैंड ले सकती है हिस्सा
बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने मंगलवार को दोहराया था कि किसी भी परिस्थिति में राष्ट्रीय टीम भारत की यात्रा नहीं करेगी। इसकी प्रबल संभावना है कि यदि बांग्लादेश टूर्नामेंट से हटने का फैसला करता है तो मौजूदा रैंकिंग के अनुसार स्कॉटलैंड उसकी जगह ले सकता है। बांग्लादेश को ग्रुप चरण के चारों मैच भारत में खेलने थे। इनमें से पहले तीन कोलकाता में और एक मुंबई में होना था।
मुस्तफिजुर रहमान को लेकर बढ़ा विवाद
यह संकट BCCI के निर्देश पर बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इस साल के इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीम से हटाए जाने के बाद उत्पन्न हुआ। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इसके बाद घोषणा की थी कि उनकी टीम वर्ल्ड कप के ग्रुप चरण के कोलकाता और मुंबई में होने वाले मैचों के लिए भारत का दौरा नहीं करेगी।
बांग्लादेश अपने मैच श्रीलंका में शिफ्ट करना चाहता था। उसे वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज, इटली, इंग्लैंड और नेपाल के साथ ग्रुप सी में रखा गया है। ढाका में आईसीसी अधिकारियों के साथ अपनी पिछली बैठक में बीसीबी ने उसकी टीम को आयरलैंड के स्थान पर ग्रुप बी में रखने का प्रस्ताव रखा था। इसमें टूर्नामेंट के सह-मेजबान श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, ओमान और जिम्बाब्वे शामिल हैं।