पहले रोहित शर्मा और फिर विराट कोहली के टेस्ट से संन्यास की खबरों ने भारतीय क्रिकेट में एक बार फिर हलचल मच गई है। खबर है कि टेस्ट क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने इंग्लैंड सीरीज से पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का चौंकाने वाला फैसला किया है। विराट कोहली भी जल्द ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो ये भारतीय क्रिकेट में पांच महीने के अंदर तीसरी बड़ी रिटायरमेंट होगी। इससे पहले रविचंद्रन अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के बीच टेस्ट करियर को अलविदा कहा था।
रोहित शर्मा ने पहले ही दी थी जानकारी
रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित शर्मा को पहले ही बता दिया गया था कि बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत की 1-3 हार के बाद उनका टेस्ट करियर खत्म माना जा रहा है। अब ऐसा माना जा रहा है कि विराट कोहली को भी इशारा मिल चुका है कि टेस्ट टीम में उनकी जरूरत नहीं रही।
बोर्ड कर रहा मनाने की कोशिश
रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई रिटायरमेंट को पूरी तरह खिलाड़ी का निजी फैसला मानता है और किसी पर दबाव नहीं बनाएगा। हालांकि, कहा जा रहा है कि विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की इच्छा जताई है और बोर्ड उन्हें अपना फैसला बदलने के लिए मनाने की कोशिश कर रहा है। पिछले एक महीने से कोहली और बीसीसीआई के बीच इस पर लगातार बातचीत चल रही है। टीम को अगले महीने इंग्लैंड दौरे पर पांच टेस्ट खेलने हैं, जहां कोहली का अनुभव टीम के लिए काफी काम आ सकता है।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि कोहली अभी भी काफी फिट हैं और उनका टीम में होना बाकी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाता है। बोर्ड ने उनसे कहा है कि वे रिटायरमेंट का अंतिम फैसला सोच-समझकर लें और जल्दबाज़ी न करें। रोहित और कोहली दोनों ही हाल के टेस्ट मैचों में अच्छी फॉर्म में नहीं रहे हैं। इसी दौरान भारत पहली बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने से चूक गया।