Harbhajan-Sreesanth Controversy: आज से 17 साल पहले IPL में हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) और श्रीसंत (S Sreesanth) के बीच हुए थप्पड़ कांड का जिन एक बार फिर बाहर आ गया है। हाल ही में IPL के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने इस घटना का वीडियो रिलीज किया, जिसके कारण सालों बाद फिर इस घटना पर लोग चर्चा करने लगा। ललित मोदी ने हाल ही में इस घटना का एक पुराना वीडियो शेयर किया और ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ललित मोदी का ये वीडियो रिलीज करना श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी को बिलकुल पसंद नहीं आया।
श्रीसंत की पत्नी ने ललित मोदी को जमकर सुना दिया
उस समय इस घटना का कोई वीडियो सामने नहीं आया था, लेकिन अखबारों में इस मामले ने खूब सुर्खियां बंटोरी थीं। और इसके बाद काफी हंगामा हुआ था। बाद में हरभजन सिंह ने माना कि हालांकि श्रीसंत ने उन्हें उकसाया था, लेकिन यह उनकी ज़िंदगी की सबसे बड़ी गलती थी। उन्होंने बताया कि वह अपने पुराने साथी श्रीसंत से सैकड़ों बार माफी मांग चुके हैं। अब, करीब 17 साल बाद, ललित मोदी ने माइकल क्लार्क को दिए इंटरव्यू में इस घटना का अनदेखा वीडियो जारी कर दिया। इस पर श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह काम काफी छोटी सोच वाला है।
अब ललित मोदी ने किया पलटवार
वहीं श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी के बायान पर ललित मोदी ने आईएएनएस से कहा, “मुझे समझ नहीं आता कि वह क्यों नाराज़ हो रही हैं। मुझसे एक सवाल पूछा गया था और मैंने बस सच बोल दिया। इसमें मैं कुछ नहीं कर सकता। लोग मुझे सच बोलने के लिए जानते हैं। उस वक्त श्रीसंत ही पीड़ित थे और मैंने वही कहा। मुझसे पहले किसी ने यह सवाल नहीं पूछा था, इसलिए जब माइकल क्लार्क ने मज़ाक में पूछा, तो मैंने जवाब दे दिया।”
क्या था पूरा मामला
बता दें कि, श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर गुस्सा जताते हुए लिखा था कि, “ललित मोदी और माइकल क्लार्क, आपको शर्म आनी चाहिए। सिर्फ़ अपनी सस्ती लोकप्रियता के लिए आप 2008 की पुरानी बात को फिर से क्यों उठा रहे हैं? श्रीसंत और हरभजन दोनों अब इस घटना से बहुत आगे बढ़ चुके हैं। आज वे स्कूल जाने वाले बच्चों के पिता हैं। लेकिन आप लोग पुराने ज़ख्मों को फिर से कुरेदने की कोशिश कर रहे हैं। यह काम बेहद गंदा और अमानवीय है।”
वहीं रविचंद्रन अश्विन के साथ एक इंटरव्यू में हरभजन सिंह ने याद किया कि इस घटना के कुछ साल बाद जब उनकी मुलाकात श्रीसंत की बेटी से हुई, तो उसने उनसे बात करने से मना कर दिया। बेटी ने कहा – “तुमने मेरे पापा को मारा था।” यह सुनकर हरभजन का दिल टूट गया और उनकी आंखों में आंसू आ गए। अब हरभजन और श्रीसंत दोनों ही क्रिकेट से रिटायर हो चुके हैं कमेंटेटर के तौर पर इस खेल से जुड़े हैं।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।