भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली गई 3 मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में भारत को हार का सामना करना पड़ा था। वहीं इस हार के बाद भारत को और बड़ा झटका लगा है। आईसीसी ने आखिरी मुकाबले में भारत और वेस्टइंडीज टीमों को धीमी ओवर गति का खामियाजा भुगतना पड़ा है। आईसीसी ने एक बयान में बताया कि, न्यू चंडीगढ़ में खेले गए तीसरे वनडे में भारत और वेस्टइंडीज दोनों ही तय ओवर रेट पूरा नहीं कर सके। भारतीय टीम ने निर्धारित समय में चार ओवर कम किए, वहीं वेस्टइंडीज की टीम दो ओवर पीछे रह गई। इसी वजह से आईसीसी ने दोनों टीमों पर जुर्माना लगाया है।
भारत पर लगा इतना जुर्माना
आईसीसी ने बताया कि धीमी ओवर गति की वजह से भारत पर मैच फीस का 20 प्रतिशत और वेस्टइंडीज पर 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। भारत ने तय समय में चार ओवर कम किए थे, जबकि वेस्टइंडीज दो ओवर पीछे रह गया था। ये जुर्माना आईसीसी मैच रेफरी प्रकाश भट्ट ने लगाया। दोनों टीमों के कप्तानों ने अपनी गलती मान ली और सजा स्वीकार कर ली, इसलिए मामले में अलग से सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। इस नियम के उल्लंघन की शिकायत मैदानी अंपायर जयरामन मदनगोपाल और सैम नोगाज्स्की के साथ-साथ तीसरे अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद और चौथे अंपायर वीरेंद्र शर्मा ने की थी।
तीसरे वनडे में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 351 रन बनाए। भारत की ओर से केएल राहुल ने नाबाद 129 रन बनाए, वहीं रोहित शर्मा ने 92 रनों की पारी खेली। 352 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने कप्तान शाई होप के शानदार 162 रन की मदद से मैच जीत लिया। होप ने 143 गेंदों में अपनी पारी खेली। उनके अलावा आमिर जंगू ने अर्धशतक और कीमो पॉल ने 40 से ज्यादा रन बनाए। वेस्टइंडीज ने 48.2 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।