India vs England 5th Test: भारतीय टीम के लिए ब्रिटेन के खिलाफ सीरीज में बराबरी के साथ समाप्त करने की संभावनाएं कुछ हद तक बढ़ गई हैं। इंग्लैंड के करिश्माई कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर गुरुवार (31 जुलाई) से शुरू होने वाले 5वें और आखिरी टेस्ट मैच में उपलब्ध नहीं होंगे। तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स भी आखिरी टेस्ट से बाहर रहेंगे। बेन स्टोक्स की गैर मौजूदगी में ओली पोप इंग्लैंड की कमान संभालेंगे। दोनों टीमें जब गुरुवार को ओवल में एक दूसरे का आमना सामना करेंगी तो उनके बीच प्रतिद्वंदिता अपने चरम पर पहुंचना तय है।
कप्तान स्टोक्स पिछले दो टेस्ट मैचों में गेंदबाजी करते हुए दाहिने कंधे की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण बाहर हो गए हैं। जबकि चार साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने वाले आर्चर को लगातार दो मैचों में खेलने के बोझ के बाद आराम दिया गया है। तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स और बाएं हाथ के स्पिनर लियाम डॉसन को भी आराम दिया गया है।
कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं जिनकी मौजूदगी ही अंतर पैदा कर देती है। इंग्लैंड के कप्तान और बेहतरीन आलराउंडर स्टोक्स ऐसे ही खिलाड़ी हैं जिन्होंने सीरीज में 304 रन बनाने के साथ 17 विकेट झटके हैं। ओवल में इंग्लैंड की टीम को कप्तान स्टोक्स की प्रेरणादायक मौजूदगी की सबसे ज्यादा कमी खलेगी।
कार्यवाहक कप्तान ओली पोप के लिए यह कड़ी चुनौती होगी, क्योंकि जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में भारतीय टीम से पूरी ताकत लगाने की उम्मीद है। भारत ने ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए चौथे टेस्ट मैच को ड्रॉ कराकर पांच मैच की सीरीज को जीवंत रखा है। वह पांचवें मैच में सीरीज बराबर करने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगा। वहीं, अभी 2-1 से आगे चल रहा इंग्लैंड सीरीज जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगा।
टेस्ट सीरीज ने टेस्ट क्रिकेट में फूंकी जान
चाहे वह लॉर्ड्स में जानबूझकर समय बर्बाद कर रहे जैक क्रॉली के खिलाफ शुभमन गिल का तीखा हमला हो या रविंद्र जडेजा का चौथे टेस्ट के अंतिम दिन बेन स्टोक्स की नाराजगी के बावजूद मैच रद्द करने से इनकार करना हो। दोनों टीम ने एक दूसरे पर हावी होने में कसर नहीं छोड़ी है। ओवल में भी ऐसा कुछ देखने को मिल सकता है जहां का मौसम भी गर्म है।
भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने ओवल के क्यूरेटर ली फोर्टिस के साथ बहस करके माहौल भी तैयार कर दिया है। भारत के नए कप्तान शुभमन गिल ने अभी तक अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों से प्रभावित किया है। उम्मीद है कि सीरीज का अंतिम मैच रोमांचक होगा क्योंकि लगातार बेहतर होते जा रहे गिल की अगुवाई में भारत के पास इंग्लैंड की टीम पर करारा प्रहार करने का मौका है जिसका गेंदबाजी आक्रमण अंतिम एकादश में किसी विशेषज्ञ स्पिनर के नहीं होने से पूरी तरह बदल जाएगा।
ओवल की पिच को अच्छी तरह से समझने वाले सरे के दो खिलाड़ी गुस एटकिंसन और जैमी ओवरटन, क्रिस वोक्स और जोश टंग के साथ मिलकर गेंदबाजी करेंगे। वोक्स एकमात्र ऐसे गेंदबाज हैं जो पहले से पांचवें टेस्ट तक एक समान प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में इंग्लैंड ने जैकब बेथेल के रूप में एक एक्सपर्ट हिटर को शामिल करके अपनी शानदार गेंदबाजी शैली जारी रखने के संकेत दिए हैं।
गिल ने सीरीज में अब तक 722 रन बनाए हैं। वह एक सीरीज में किसी भारतीय द्वारा सर्वाधिक रन बनाने के सुनील गावस्कर के रिकार्ड से केवल 52 रन पीछे हैं। यही नहीं उन्हें टेस्ट सीरीज में भारतीय कप्तान द्वारा सर्वाधिक रन (732) बनाने के गावस्कर के रिकार्ड (1978-79 बनाम वेस्टइंडीज) को तोड़ने के लिए 11 रन और चाहिए।
25 वर्षीय गिल ने अब तक चार शतक जड़े हैं। जिनमें एक दोहरा शतक और ओल्ड ट्रैफर्ड में पिछले टेस्ट में खेली गई 103 रन की मैच बचाने वाली पारी शामिल है। गिल ने मैनचेस्टर में अपने करियर की सबसे निर्णायक पारी खेली और न केवल एक बल्लेबाज बल्कि एक कप्तान के रूप में भी अपनी प्रतिष्ठा में चार चांद लगाए।
इंग्लैंड की टीम: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप (कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रुक, जैकब बेथे, जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गुस एटकिंसन, जैमी ओवरटन, जोश टंग।
भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, कुलदीप यादव, अंशुल कंबोज, अर्शदीप सिंह, एन जगदीसन (विकेटकीपर)
मैच भारतीय समयानुसार गुरुवार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा।