India vs Pakistan WCL SemiFinal: भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) मैच रद्द हो गया है। भारतीय चैंपियन टीम ने गुरुवार (31 जुलाई) को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स सेमीफाइनल खेलने से इनकार कर दिया है। साथ ही, उन्होंने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबलों में भाग न लेने का अपना रुख बरकरार रखा है। भारत को गुरुवार (31 जुलाई) को एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पाकिस्तान से खेलना था।
भारतीय चैंपियन टीम ने मंगलवार को अपने आखिरी ग्रुप मैच में वेस्टइंडीज चैंपियन टीम को मात्र 13.2 ओवर में हराकर मौजूदा WCL के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। शिखर धवन, इरफान पठान, हरभजन सिंह, युवराज सिंह, सुरेश रैना जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली भारतीय टीम पहले ही आतंकवादी हमले और फिर भारत द्वारा शुरू किए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलने की इच्छा जता चुकी है।
भारत ने टूर्नामेंट के पहले ग्रुप चरण मुकाबले में भी इसी तरह का रुख अपनाया था। ऑपरेशन सिंदूर के बाद उस मैच में भारत के कई शीर्ष पूर्व क्रिकेटरों ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था। न्यूज एजेंसी आईएएनएस को बुधवार (30 जुलाई) को सूत्रों ने बताया, "भारतीय खिलाड़ियों ने गुरुवार को होने वाले डब्ल्यूसीएल सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया है।"
पीटीआई ने भी सूत्रों के हवाले से बताया, "भारतीय चैंपियन टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने बर्मिंघम में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के सेमीफाइनल में पाकिस्तान चैंपियन टीम के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया है।" इससे पहले, भारतीय खिलाड़ियों और एक प्रमुख टूर्नामेंट प्रायोजक की कड़ी आपत्ति के बाद दोनों देशों के बीच लीग चरण का मैच आधिकारिक रूप से रद्द कर दिया गया था।
इस फैसले का समर्थन सुरेश रैना और शिखर धवन समेत पूर्व भारतीय क्रिकेटरों ने सार्वजनिक रूप से किया था। उन्होंने कहा था कि वे इस मैच में हिस्सा नहीं लेंगे। इससे पहले बुधवार को WCL के मुख्य प्रायोजकों में से एक EaseMyTrip ने भारत-पाकिस्तान WCL सेमीफाइनल से अपना नाम वापस ले लिया था।
इस ट्रैवल टेक कंपनी के सह संस्थापक निशांत पिट्टी ने अपने X हैंडल पर लिखा, "हम वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में टीम इंडिया (इंडिया चैंपियन्स) के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हैं। आपने देश को गौरवांवित किया है। हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ आगामी सेमीफाइनल कोई सामान्य मैच नहीं है। आतंकवाद और क्रिकेट साथ-साथ नहीं चल सकते।"
शिवसेना (UBT) के नेता अरविंद सावंत ने लोकसभा में केंद्र सरकार से आग्रह किया कि भारत के खिलाफ आतंकवाद फैलाने वाले पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच नहीं होना चाहिए। सावंत ने सदन में ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा में भाग लेते हुए यह मांग उस वक्त उठाई जब एशिया कप में 14 सितंबर को भारतीय और पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के बीच मैच प्रस्तावित है।
एशिया कप के कार्यक्रम के अनुसार चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान को ग्रुप A में रखा गया है। वे 14 सितंबर को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आमने-सामने होंगे। इस टूर्नामेंट की घोषणा के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसकी आलोचना हो रही है। एक सवाल खड़ा हो गया है कि क्या खेल मंत्रालय इस मामले में हस्तक्षेप कर सकता है?
जम्मू-कश्मीर के लोकप्रिय पर्यटन स्थल पहलगाम में अप्रैल में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों द्वारा 26 पर्यटकों की हत्या किए जाने के बाद लोगों की भावनाएं अब भी उफान पर हैं। इस भीषण आतंकवादी घटना के कारण दोनों पड़ोसी देशों के बीच संक्षिप्त सैन्य टकराव भी हुआ था। इन घटनाओं के कुछ महीनों बाद अब दोनों देशों की क्रिकेट टीमें एशिया कप में भिड़ेंगी।