
IND vs ENG: टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड दौरे की शुरुआत जबरदस्त अंदाज में की थी लेकिन चौथे टेस्ट में उनके बॉलिंग ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बुमराह की गेंदबाजी में वैसी धार नजर नहीं आई, जो ऑस्ट्रेलिया दौरे पर दिखी थी। मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में बुमराह ने 100 से ज्यादा रन लुटा दिए, जो उनके 7 साल लंबे करियर में पहला ही मौका था। वहीं बुमराह के इस प्रदर्शन को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने एक बड़ा बयान देकर चर्चा छेड़ दी है।
टेस्ट से संन्यास ले सकते हैं बुमराह!
उन्होंने इशारा किया है कि तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह जल्द ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। कैफ ने सवाल उठाया कि क्या बुमराह अब भी टेस्ट क्रिकेट की चुनौतियों को झेलने की स्थिति में हैं। उन्होंने बुमराह की फिटनेस और उनके खेल की तीव्रता में आई कमी की ओर भी ध्यान दिलाया। इस समय ओल्ड ट्रैफर्ड में चल रहे टेस्ट मैच में बुमराह ने दो दिन के खेल में सिर्फ़ एक विकेट लिया है, जिससे इस बात पर और चर्चा शुरू हो गई है।
मोहम्मद कैफ ने कही ये बात
मोहम्मद कैफ ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि जसप्रीत बुमराह इस वक्त पूरी तरह फिट नज़र नहीं आ रहे हैं। वह धीमी गेंदें फेंक रहे हैं और इस टेस्ट मैच में उनकी तेज़ी भी देखने को नहीं मिली। कैफ का कहना है कि बुमराह अब पहले जैसे नहीं दिख रहे और शायद अब वह ज़्यादा सोचने लगे हैं। कैफ ने कहा, “अगर उन्हें लगता है कि वो देश के लिए अपना शत-प्रतिशत नहीं दे पा रहे हैं, मैच नहीं जिता पा रहे या विकेट नहीं ले पा रहे, तो मुझे लगता है वो खुद ही संन्यास का फैसला ले लेंगे। यह मेरी अपनी भावना है। और अगर उन्हें ठीक से आराम करने और फिट होने का समय नहीं मिला, तो यह एक और गंभीर समस्या बन सकती है।”
बुमराह को लेकर इस बात पर जताई चिंता
मोहम्मद कैफ ने जसप्रीत बुमराह की गेंदबाज़ी की रफ्तार को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अब बुमराह 130 या 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाज़ी कर रहे हैं, जो पहले की तुलना में काफी धीमी है। उन्होंने एक विकेट का ज़िक्र करते हुए कहा कि वह कैच भी तब मिला जब कीपर ने आगे डाइव मारकर उसे पकड़ा। कैफ ने कहा, “जब बुमराह पूरी तरह फिट होते हैं, तो उसी जगह बल्लेबाज़ को क्लीन बोल्ड कर देते हैं। उनकी गेंद इतनी तेज होती है कि बल्लेबाज को समझ में ही नहीं आता, जैसे जो रूट जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी चकमा खा जाते हैं। उस समय बुमराह जब चाहें, किसी भी बल्लेबाज़ को आउट कर सकते थे।”
बता दें कि मैनचेस्टर टेस्ट में टीम इंडिया के गेंदबाजों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली और खुलकर रन बनाते हुए 300 रन से ज्यादा की बढ़त हासिल कर ली। यहां तक कि जसप्रीत बुमराह जैसे स्टार गेंदबाज को भी संघर्ष करना पड़ा। पहली पारी में बुमराह को 100 से ज्यादा रन पड़े।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।