Rishabh Pant: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पांचवा और आखिरी टेस्ट मैच 31 जुलाई से खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला ओवल में खेला जाएगा। इस मैच से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। शानदार बल्लेबाजी कर रहे ऋषभ पंत अब वह इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच का हिस्सा नहीं होंगे। पंत को चौथे टेस्ट मैच में दाहिने पैर में चोट लगी थी। चोट के बाद भी पंत मैच के दूसरे दिन बल्लेबाजी करने उतरे थे। ऋषभ पंत के पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर हुआ है, जिसकी वजह से वह इस सीरीज से बाहर हो गए हैं।
टीम से बाहर होने के बाद ऋषभ पंत ने का एक इमोशनल पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में ऋषभ पंत ने अपने चोट पर बड़ा अपडेट दिया है।
ऋषभ पंत ने शेयर की चोट की फोटो
ऋषभ पंत ने इंस्टाग्राम पर अपने प्लास्टर लगे पैर की एक फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, "आप सभी के प्यार और शुभकामनाओं के लिए दिल से आभारी हूं। ये मेरे लिए एक बड़ी ताकत रहा है। जैसे-जैसे मेरा फ्रैक्चर ठीक हो रहा है, मैं धीरे-धीरे इस प्रक्रिया में ढल रहा हूं और जल्द ही रिहैबिलिटेशन शुरू करूंगा। मैं पेशेंस बनाए रखूंगा, रूटीन को फॉलो करूंगा और अपनी ओर से 100% दूंगा। देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे गर्व का पल रहा है और मैं दोबारा वही करने को बेताब हूं जो मुझे सबसे ज्यादा पसंद है।"
बता दें कि मैनचेस्टर टेस्ट में पहले दिन कमाल की बैटिंग कर रहे ऋषभ पंत चोटिल हो गए थे। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में चल रहे चौथे टेस्ट मैच के 68वें ओवर में यह घटना हुई, जब पंत इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स स्वीप करने की कोशिश की तो चूक गए और गेंद सीधे उनके पैर पर लगी। इसके बाद दर्द से तड़पते हुए दिख रहे थे। पंत को स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाए गए। चोट लगने के तुरंत बाद ऋषभ पंत को अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद वह पहले दिन रिटायर्ड हर्ट हुए और अगले दिन लंगड़ाते हुए बल्लेबाजी करने लौटे। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए अर्धशतक लगाया, लेकिन फिल्डिंग में ध्रुव जुरेल ने उनकी जगह ली।
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में फिलहाल इंग्लैंड 2-1 से आगे है। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड ग्राउंड में खेला गया चौथा मैच ड्रा रहा। वहीं अब दोनों टीमों के बीच आखिरी टेस्ट मैच 31 जुलाई से ओवल में खेला जाएगा। भारतीय टीम इस मैच को जीतकर बराबरी पर सीरीज को खत्म करना चाहेगी तो वहीं इंग्लैंड की टीम इस मैच को जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी।