IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 2 जुलाई से बर्मिंघम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच हेडिंग्ले स्टेडियम में खेला गया, इस मैच में भारत को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच के हारने के बाद से ही भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर पर सवाल उठने लगे हैं। हाल ही में पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने कहा, सेलेक्टर्स ने गंभीर को उनकी पसंद के खिलाड़ी और टीम दी है, इसलिए अब नतीजे देना उनकी जिम्मेदारी है।
अगर भारत एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन नहीं करता तो कोच गौतम गंभीर की रणनीति और नेतृत्व पर सवाल उठ सकते हैं।
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "गौतम गंभीर पर काफी इस समय काफी दबाव है और यह दबाव लगातार बढ़ रहा है। अगर आप टेस्ट और रेड-बॉल क्रिकेट में उनके रिकॉर्ड को देखें, तो उन्होंने बहुत ज्यादा मैच नहीं जीते हैं। उन्होंने अब तक सिर्फ बांग्लादेश के खिलाफ दो और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक टेस्ट जीता है। लेकिन दूसरी ओर, टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन और इंग्लैंड के खिलाफ एक मैच गंवाया है। यानी हार का सिलसिला लगातार जारी है।"
टेस्ट में हालात अच्छे नहीं
आकाश चोपड़ा ने कहा, "सफेद गेंद वाले क्रिकेट में टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में हालात उतने अच्छे नहीं हैं। इस सीरीज पर भी काफी दबाव है। अगर यह सीरीज अच्छा नहीं जाती, भगवान न करे, मुझे उम्मीद है कि सब अच्छा होगा और मैं चाहता हूं कि भारतीय टीम अच्छा खेले। लेकिन अगर इंग्लैंड के खिलाफ यह सीरीज अच्छी नहीं गई, तो तो जरूर सवाल उठेंगे कि टीम आखिर जा कहां रही है और क्या कर रही है?"
उन्होंने आगे कहा, "सेलेक्टर्स को लगता है कि टीम मैनेजमेंट जो भी मांग रहा है, उसे पूरा किया जा रहा है। आप जिस तरह के खिलाड़ी चाहते हैं, जितनी संख्या में चाहते हैं, या किसी खास खिलाड़ी की बात करते हैं, वह सब दिया जा रहा है। ऐसे में अब जरूरी है कि आप मैदान पर नतीजे भी दें। बस, अब किसी भी तरह के बहाने की गुंजाइश नहीं है।"
गौतम की कप्तानी में भारत ने जीता चैंपियंस ट्रॉफी
गौतम गंभीर की कोचिंग में भारत ने भले ही 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम कर लिया है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में टीम का ग्राफ नीचे ही गया है। उनके कार्यकाल में अब तक खेले गए 11 टेस्ट में भारत सिर्फ 3 ही जीत सका है। टीम को घर में पहली बार क्लीन स्वीप झेलना पड़ा और ऑस्ट्रेलिया से 3-1 से हार मिली। इंग्लैंड दौरे पर भी भारत पहला टेस्ट अच्छी शुरुआत के बावजूद तैयारी की कमी से हार गया और सीरीज में 1-0 से पीछे चल रहा है।