IND vs ENG Test Series: भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर मेडिकल इमरजेंसी के कारण इंग्लैंड से वापस भारत लौट आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, गौतम गंभीर को 20 जून को तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी की शुरुआत से कुछ दिन पहले मेडिकल इमरजेंसी के कारण इंग्लैंड से भारत लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा है। RevSportz के अनुसार, उनकी मां को दिल का दौरा पड़ा है। वह फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। हालांकि इस खबर की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। नवनियुक्त कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में भारत 5 टेस्ट मैचों की सीरीज के साथ अपने नए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सर्किल की शुरुआत करेगा।
बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया (BCCI) के सूत्रों ने पुष्टि की है कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर शुक्रवार (13 जून) को सुबह लंदन से अपनी मां की देखभाल के लिए भारत रवाना हुए, जो दिल का दौरा पड़ने के बाद नई दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती हैं। बोर्ड के एक सूत्र ने कहा, "गौतम एक फैमिली इमरजेंसी के कारण वापस चले गए हैं। हमारी प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ हैं।"
गंभीर की अनुपस्थिति में सहायक कोच रेयान टेन डोएशे भारत और भारत-A के बीच शुक्रवार से शुरू होने वाले चार दिवसीय अभ्यास मैच के दौरान मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्हें गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक जैसे अन्य कोचिंग स्टाफ से सहायता मिलेगी।
अगर गंभीर के घर पर सब कुछ ठीक रहा तो उनके एक सप्ताह के भीतर इंग्लैंड लौटने की उम्मीद है। भारत 2007 के बाद इंग्लैंड में अपनी पहली सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगा। दोनों टीम के बीच पांच मैच की टेस्ट सीरीज 20 जून को लीड्स में पहले टेस्ट के साथ शुरू होगी।
सीरीज को यादगार बनाने की कोशिश
गौतम गंभीर ने अपनी टीम से अपने कम्फर्ट जोन (सहज स्थिति) से बाहर निकलने और संन्यास ले चुके स्टार खिलाड़ियों विराट कोहली, रोहित शर्मा तथा आर अश्विन की अनुपस्थिति में इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज को यादगार बनाने को कहा। गंभीर ने BCCI TV से अश्विन, रोहित और कोहली के हाल ही में संन्यास का जिक्र करते हुए कहा, "इस दौरे को देखने के दो तरीके हैं। एक तो यह कि हम अपने तीन सबसे अनुभवी खिलाड़ियों के बिना हैं या हमें देश के लिए कुछ खास करने का यह अभूतपूर्व अवसर मिला है।"
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज ने कहा कि वह शुभमन गिल की अगुआई वाली मौजूदा टीम में कुछ खास हासिल करने के लिए जुनून और प्रतिबद्धता महसूस कर सकते हैं। उन्होंने कहा, "जब मैं इस समूह को देखता हूं तो मुझे कुछ खास करने की भूख, जुनून और प्रतिबद्धता दिखती है। अगर हम त्याग करते हैं, अगर हम अपनी सहज स्थिति से बाहर आते हैं, अगर हम हर दिन नहीं बल्कि हर सत्र, हर घंटे और हर गेंद पर चुनौती पेश करना शुरू करते हैं तो मुझे लगता है कि हम इसे एक यादगार दौरा बना सकते हैं।"
भारतीय कोच ने कहा, "पहली बार टेस्ट टीम में बुलाया जाना हमेशा खास होता है। इसलिए मैं साई का स्वागत करना चाहता हूं जिनके लिए बल्ले से तीन महीने शानदार रहे हैं और सुनिश्चित कीजिए कि आपका लाल गेंद का करियर बेहद सफल हो।" गंभीर ने उम्मीद जताई कि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह टेस्ट क्रिकेट में भी अपना प्रभाव छोड़ेंगे।
उन्होंने कहा, "मैं अर्शदीप सिंह का स्वागत करना चाहता हूं। आपने सफेद गेंद से शानदार प्रदर्शन किया है और मुझे यकीन है कि आप लाल गेंद से भी अपना जलवा बिखेरेंगे।" 43 वर्षीय कोच ने इसके बाद गिल और उपकप्तान ऋषभ पंत की पीठ भी थपथपाई।
गंभीर ने कहा, "मैं शुभमन को भी बधाई देना चाहता हूं जो पहली बार कप्तानी कर रहे हैं। अपने देश की टेस्ट टीम का नेतृत्व करने से बड़ा कोई सम्मान नहीं है। बधाई हो। ऋषभ पंत को भी जो अब नेतृत्व समूह का हिस्सा हैं।" गंभीर ने करुण नायर की भी तारीफ की जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में वापसी की।
भारतीय कोच ने कहा, "वापसी कभी आसान नहीं होती, जिसने सात साल बाद वापसी की हो, उसका पिछला साल शानदार रहा।" उन्होंने कहा, "आपने जितने रन बनाए हैं और सबसे महत्वपूर्ण बात कभी हार ना मानने का जज्बा है जिसने आपको टीम में वापस ला दिया है और यह इस समूह में सभी के लिए प्रेरणादायक है। करुण नायर का स्वागत है।"