
India Vs England 3rd Test : भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। इस मैच के तीसरे दिन भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल ने शानदार शतक जड़ा है। फिलहाल भारतीय टीम ने पांच विकेट के नुकसान पर 300 रन बना लिए हैं। इससे पहले इंग्लैंड की पूरी टीम पहली पारी में 387 रनों पर सिमट गई। वहीं दोनों देशों के बीच खेले जा रहे इस मैच के बीच ‘क्रिकेट का मक्का’ कहे जाने वाले इस स्टेडियम में मिलने वाले खाने की काफी चर्चा है। आइए जानते हैं लॉर्ड्स में भारत और इंग्लैंड की टीम को खाने में क्या-क्या परोसा जा रहा है।
लॉर्ड्स के मेन्यू में ये चीजें
टेस्ट मैच के तीसरे दिन खिलाड़ियों को परोसे जाने वाले खाने में स्वाद और सेहत का अच्छा तालमेल देखने को मिलता है। इसमें जड़ वाली सब्ज़ियों का शाकाहारी सूप ब्रियोचे क्राउटन के साथ परोसा जाएगा। स्टार्टर में भुना हुआ मीट, काजुन मसाले वाले झींगे और स्वीटकॉर्न सॉस के साथ, और सैल्मन फिलेट को केसर वाली मलाईदार लीक, मसल्स और झींगों के साथ पेश किया जाएगा। नॉनवेज में चिकन करी के साथ डोपियाजा करी भी शामिल है, जिसमें कैरामेलाइज्ड प्याज़ और शिमला मिर्च मिलाई गई है। वेज में पनीर और ब्रोकली मखनी (टमाटर, मक्खन, क्रीम और सूखी मेथी के साथ), हरीसा मसालेदार फूलगोभी (ताहिनी, नारियल प्यूरी और अनार के साथ) और चने की करी शामिल हैं। साथ में मसालेदार आलू वेजेज, बासमती चावल, उबली हुई ब्रोकली, बीन्स और मटर परोसे जाएंगे। मिठास के लिए फलों का सलाद और साथ में ग्रीक योगर्ट / समर बैरीज है।
केएल राहुल का शानदार शतक
वहीं भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे मैच में भारतीय ओपनर केएल राहुल ने मुकाबले के तीसरे दिन शानदार शतक जड़ा। 33 वर्षीय राहुल ने जोफ्रा आर्चर की गेंद पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया। इस शतक के साथ राहुल ने इतिहास रच दिया। वह लॉर्ड्स मैदान पर एक से ज़्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज़ बन गए हैं। इससे पहले यह कारनामा सिर्फ दिलीप वेंगसरकर ने किया था। राहुल ने टेस्ट करियर की शुरुआत 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में की थी। उन्होंने लॉर्ड्स में पहला टेस्ट शतक 2021 में लगाया था, जब उन्होंने 250 गेंदों पर 129 रन बनाकर भारत को 151 रनों से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
90 साल पहले भारत ने खेला था पहला मैच
लॉर्ड्स में भारत ने पहली बार 1932 में सीके नायडू की कप्तानी में टेस्ट मैच खेला था। बता दें कि लॉर्ड्स का मैदान हर खिलाड़ी के लिए बेहद खास है। इस मैदान को क्रिकेट का मक्का कहा जाता है। लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड ने कई ऐतिहासिक मैचों की मेजबानी की है। हाल ही में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 का फाइनल मैच भी इसी ग्राउंड पर खेला गया था। जहां साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर खिताब जीता था।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।