IND vs PAK: एशिया कप 2025 शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। क्रिकेट फैंस बेसब्री से टूर्नामेंट का इंतजार कर रहे हैं। एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम का ऐलान भी हो गया है। भारतीय टीम अपने टूर्नामेंट की शुरुआत 10 सिंतबर यूएई के खिलाफ मैच से करेगी। लेकिन फैंस की नजरें भारत और पाकिस्तान के हाईवोल्टेज मैच पर है। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला 14 सितंबर दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं इस मैच को लेकर बड़ी खबर आ रही है।
भारत सरकार ने दुबई में होने वाले एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर मंजूरी दे दी है। खेल मंत्रालय ने गुरुवार को पाकिस्तान को ध्यान में रखते हुए भारत के अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों पर नई नीति जारी की। इसके तहत साफ किया गया है कि बीसीसीआई को पाकिस्तान के खिलाफ टूर्नामेंट में खेलने की इजाजत होगी, लेकिन द्विपक्षीय सीरीज पर रोक पहले की तरह ही जारी रहेगी।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, यह नई नीति तुरंत लागू हो गई है और इससे सरकार का पाकिस्तान से जुड़े क्रिकेट मामलों पर रुख साफ हो गया है। दरअसल, यह संकेत पहले ही मिल गया था जब बीसीसीआई ने पहलगाम आतंकी हमले और अप्रैल-मई में हुई सीमा पार झड़पों में निर्दोष लोगों की मौत के बावजूद, टूर्नामेंट का बहिष्कार न करके भारत-पाकिस्तान मैच में खेलने का फैसला लिया था।
जानकारी के मुताबिक, एशिया कप और आने वाले विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट पर भारत-पाकिस्तान के मैच पर सरकार के फैसले का असर नहीं पड़ेगा।
सरकार के फैसले के पीछे ये वजह
सरकार ने साफ किया है कि इंटरनेशनल और मल्टीनेशनल टूर्नामेंट के मामले में भारत खिलाड़ियों के हित और अंतरराष्ट्रीय खेल संगठनों के नियमों को ध्यान में रखकर ही कदम उठाएगा। भारत अब एक भरोसेमंद मेजबान देश के रूप में भी उभर रहा है, इसलिए भारतीय खिलाड़ी उन इंटरनेशनल टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे जिनमें पाकिस्तान भी खेलता है। इसी तरह, पाकिस्तान की टीमें और खिलाड़ी भी भारत में होने वाले मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में शामिल हो सकेंगे।
एशिया कप 2025 का आयोजन 9 से 28 सितंबर तक टी20 फॉर्मेट में आयोजित किया जाएगा। इस टूर्नामेंट में आठ टीमों के बीच कुल 19 मैच दुबई और अबू धाबी में खेले जाएंगे। एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, UAE और ओमान ग्रुप A में हैं, जबकि श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और हांगकांग ग्रुप B में हैं।