IPL Ticket Scam Case: हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष जगन मोहन राव गिरफ्तार, जानें क्या है पूरा मामला

IPL Ticket Scam Case: तेलंगाना पुलिस ने बताया कि जगन मोहन राव के अलावा एचसीए के कोषाध्यक्ष सी. श्रीनिवास राव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुनील कांते और दो अन्य को गिरफ्तार किया गया है। ये गिरफ्तारी हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में IPL 2025 के दौरान हुए टिकट घोटाले के सिलसिले में हुई है

अपडेटेड Jul 10, 2025 पर 1:39 PM
Story continues below Advertisement
IPL Ticket Scam Case: हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (HCA) ने सभी आरोपों का खंडन किया है

IPL Ticket Scam Case: हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (HCA) के अध्यक्ष ए जगन मोहन राव और चार अन्य को तेलंगाना की अपराध जांच विभाग (CID) ​​ने कथित गबन के एक मामले में गुरुवार (10 जुलाई) को गिरफ्तार कर लिया। रिपोर्ट के मुताबिक, ये गिरफ्तारी हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में IPL 2025 के दौरान हुए टिकट घोटाले के सिलसिले में हुई है। तेलंगाना पुलिस ने बताया कि जगन मोहन राव के अलावा HCA के कोषाध्यक्ष सी. श्रीनिवास राव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुनील कांते और दो अन्य को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, "पांच लोगों को धन के गबन और कुप्रबंधन समेत अन्य आरोपों में गिरफ्तार किया गया है।" पुलिस ने बताया कि 2025 के आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) सीजन के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद द्वारा जगन मोहन राव और अन्य पर लगाए गए आरोपों के बाद सीआईडी ​​ने एचसीए के पदाधिकारियों को बुधवार को हिरासत में ले लिया था

इससे पहले तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने एचसीए द्वारा बार-बार अपनाई जा रही ब्लैकमेल करने की रणनीति को रोकने के लिए IPL गवर्निंग काउंसिल के हस्तक्षेप का अनुरोध करने वाली सनराइजर्स हैदराबाद की याचिका के संबंध में जांच के आदेश दिए थे। हालांकि, एचसीए ने फ्रैंचाइजी के इन सभी आरोपों का खंडन किया है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल को लिखे एक पत्र में सनराइजर्स हैदराबाद ने आरोप लगाया कि एचसीए फ्रैंचाइजी को खासकर अधिक मुफ्त पास देने को लेकर धमका रहा है। फ्रैंचाइजी ने यह भी कहा कि अगर यह समस्या बनी रही तो वह अपने घरेलू मैच किसी दूसरे राज्य में खेलने पर विचार करेगी। हालांकि, जगन मोहन राव ने सभी आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि फ्रैंचाइजी से ऐसी कोई मांग नहीं की गई थी।

तमिलनाडु स्थित सन ग्रुप के स्वामित्व वाली सनराइजर्स हैदराबाद ने कथित तौर पर हैदराबाद से फ्रैंचाइज़ी शिफ्ट करने की धमकी दी थी। टीम ने यह आरोप लगाया था कि एचसीए की दबावपूर्ण रणनीति हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम का उपयोग करना मुश्किल बना रही है। इन आरोपों के बाद तेलंगाना सरकार ने सतर्कता जांच के आदेश दिए थे। जांच में कथित तौर पर बड़ी अनियमितताएं पाई गई हैं। एचसीए प्रशासन के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की गई है।


ये भी पढ़ें- Railways Job 2025: भारतीय रेलवे में इस साल 50,000 नौकरियां देने की तैयारी, सरकार का दावा- 9000 नियुक्ति पत्र जारी

SRH ने आरोप लगाया कि जगन मोहन राव के कार्यों ने SRH, HCA और BCCI के बीच त्रिपक्षीय समझौते का उल्लंघन किया है। इसके तहत HCA को केवल 3,900 कॉम्प्लिमेंट्री टिकट (स्टेडियम क्षमता का 10%) आवंटित किए जाते हैं। पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अज़हरुद्दीन ने इन गिरफ्तारियों के बाद हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन के कामकाज की गहन जांच और उसके वर्तमान प्रशासन को भंग करने की मांग की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।