Arjun Tendulkar: IPL के बीच नई T20 टीम में शामिल हुए सचिन के बेटे अर्जुन तेंदुलकर, सैलरी में 400% की जबरदस्त बढ़ोतरी

Arjun Tendulkar News: क्रिकेट फ्रेंचाइजी 'ARCS अंधेरी' ने शनिवार (2 मई) को टी20 मुंबई लीग के पुरुषों और महिलाओं की नीलामी के दौरान महान क्रिकेटर 'भारत रत्न' सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को 10 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। जबकि 16 साल की इरा जाधव को आकाश टाइगर्स ने इसी कीमत पर खरीदा

अपडेटेड May 03, 2026 पर 12:52 PM
Story continues below Advertisement
Arjun Tendulkar News: टी20 मुंबई नीलामी में महान क्रिकेटर सचिन के बेटे अर्जुन तेंदुलकर 'ऑर्क्स अंधेरी' से जुड़ गए हैं

Arjun Tendulkar News: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने का ज्यादा मौका नहीं मिलने के बावजूद महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को T20 मुंबई लीग की नीलामी में पैसों की बारिश हुई। 'ARCS अंधेरी' ने T20 मुंबई लीग ऑक्शन के दौरान अर्जुन तेंदुलकर पर बड़ा दांव लगाया है। टीम ने टैलेंटेड ऑलराउंडर को 10 लाख रुपये में खरीदा है। IPL 2026 सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए खेल रहे अर्जुन को अभी तक मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला है। इसके बावजूद, उनकी सैलरी में 400% की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है।

10 लाख रुपये अर्जुन की बेस प्राइस 2 लाख रुपये से 400% ज्यादा है। इसके चलते, अर्जुन LSG से मिलने वाली अपनी IPL सैलरी का 33.3% हिस्सा कमाएंगे। अर्जुन तेंदुलकर की लोकप्रियता उनके गृह नगर में अचानक बढ़ गई। 2 मई को हुई नीलामी के दौरान, 26 वर्षीय यह क्रिकेटर उस दिन की सबसे जोरदार बोली का मुख्य केंद्र बन गया। यह घटनाक्रम तेंदुलकर के लिए एक बड़ा मोड़ साबित हुआ है, क्योंकि अब वह एक आकर्षक नए करार के साथ इस शहर-आधारित टूर्नामेंट में कदम रख रहे हैं।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, "ऑर्क्स अंधेरी ने शनिवार को टी20 मुंबई लीग के पुरुषों और महिलाओं की नीलामी के दौरान अर्जुन तेंदुलकर को 10 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। जबकि 16 साल की इरा जाधव को आकाश टाइगर्स ने इसी कीमत पर खरीदा।" महिलाओं के पहले सत्र की नीलामी के बाद पुरुषों की नीलामी हुई। मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) के दोनों वर्ग के टी20 टूर्नामेंट इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के खत्म होने के बाद अगले महीने होने वाले हैं।


26 साल के तेंदुलकर ने पिछले कुछ सत्र में घरेलू क्रिकेट में गोवा का प्रतिनिधित्व किया है। उन्हें BCCI ने पहले ही नीलामी और टूर्नामेंट के लिए मंजूंरी दे दी थी, क्योंकि उन्होंने पिछले 12 महीनों में किसी भी राज्य संघ के टी20 टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया है। कुल 363 महिला खिलाड़ियों की बोली लगी, जिसमें तीन टीमों ने 50 खिलाड़ियों को चुनने के लिए कुल 1.47 करोड़ रुपये खर्च किए।

इस लीग में भारत के कई स्टार खिलाड़ी भी शामिल होंगे जिन्हें आइकन खिलाड़ी का नाम दिया गया था। नीलामी से पहले उनकी फ्रेंचाइजी ने उन्हें बरकरार कर लिया था। इस लिस्ट में सूर्यकुमार यादव (ट्रायम्फ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट), श्रेयस अय्यर (सोबो मुंबई फाल्कन्स), और अजिंक्य रहाणे (नॉर्थ मुंबई पैंथर्स) शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- India Tanker Cross Hormuz: न ईरान और न ही चीन.... भारत ने वो कर दिखाया, जिससे अमेरिका भी हैरान! नाकेबंदी के बीच 45,000 टन का LPG टैंकर होर्मुज को किया पार

शिवम दुबे (आर्क्स अंधेरी), यशस्वी जायसवाल (बांद्रा ब्लास्टर्स), शार्दुल ठाकुर (ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स), सरफराज खान (आकाश टाइगर्स), और तुषार देशपांडे (एमएससी मराठा रॉयल्स) भी इस लिस्ट में शामिल हैं। भारत की अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे और सूर्यांश शेडगे को भी उनकी टीम ट्रायम्फ नाइट्स ने पहले ही रिटेन कर लिया था। अर्जुन इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए योग्य घोषित किए जाने के बाद प्रतियोगिता में अपना डेब्यू करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।