IPL 2026 News: पुलिस ने मंगलवार (31 मार्च) को बताया कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) मैचों के लिए बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया (BCCI) के साथ ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे एक ब्रिटिश नागरिक का शव मुंबई के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में उनके कमरे में मिला। उनकी उम्र 76 साल थी। IPL की गवर्निंग काउंसिल ने मंगलवार (31 मार्च) को ब्रिटिश ब्रॉडकास्ट इंजीनियर जान विलियम लैंगफोर्ड के असमय निधन पर गहरा शोक जताया।
IPL ने बताया कि विलियम लैंगफोर्ड बीसीसीआई के साथ क्रिकेट लीग के 2026 सेशन के लिए काम कर रहे थे। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की गवर्निंग काउंसिल ने शोकाकुल परिवार को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया। लैंगफोर्ड सोमवार (30 मार्च) सुबह दक्षिण मुंबई के एक होटल में अपने कमरे में बेहोश पाए गए थे। इसके बाद होटल मैनेजमेंट उन्हें तुरंत अस्पताल ले गया। एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
IPL ने मंगलवार को एक बयान में कहा, "इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की गवर्निंग काउंसिल और इससे जुड़े सभी लोग इयान विलियम्स लैंगफोर्ड के असमय निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। वह हमारे ब्रॉडकास्ट ऑपरेशंस का एक अहम हिस्सा थे। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं।"
बयान में आगे कहा गया है, "आईपीएल इस बेहद मुश्किल समय में लैंगफोर्ड के परिवार को हर जरूरी मदद और सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।" लैंगफोर्ड आईपीएल मैचों के लिए ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के तौर पर काम के सिलसिले में भारत आए हुए थे।
मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि उनके पोस्टमॉर्टम में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है। NDTV के मुताबिक, वह IPL मैचों की कवरेज के सिलसिले में 24 मार्च से मुंबई के ट्राइडेंट होटल (Mumbai Trident Hotel) में रुके हुए थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, 29 मार्च को IPL मैच खत्म होने के बाद इयान अपने होटल के कमरे में लौट आए थे। इसके एक दिन बाद 30 मार्च को जब रिसेप्शनिस्ट ने उनके कमरे में फोन किया, तो कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद होटल का स्टाफ उन्हें देखने के लिए उनके कमरे में गया।
होटल प्रशासन ने बताया कि कमरे के अंदर से कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने 'मास्टर की' (चाबी) का इस्तेमाल करके कमरा खोला, तो देखा कि वह जमीन पर पड़े हुए थे। होटल के इन-हाउस डॉक्टर को इसकी जानकारी दी गई, जिन्होंने उन्हें मृत घोषित कर दिया।