आईपीएल 2026 का सफर अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। पूरे सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाली दो मजबूत टीमें, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस, खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी। एक तरफ RCB लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतने का सपना देख रही है, तो दूसरी ओर गुजरात घरेलू मैदान पर चैंपियन बनने की कोशिश करेगी। ऐसे में क्रिकेट फैंस को रोमांच, दबाव और बड़े मुकाबलों से भरी एक यादगार फाइनल रात देखने को मिल सकती है।
मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस मुकाबले में खास मिशन के साथ उतरने वाली है। टीम ने क्वालिफायर-1 में गुजरात को हराकर सीधे फाइनल में जगह बनाई थी। अब उसके पास लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर आईपीएल इतिहास में एक खास उपलब्धि दर्ज करने का मौका है। बेंगलुरु की नजर सिर्फ जीत पर नहीं, बल्कि अपने दबदबे को बरकरार रखने पर भी होगी।
गुजरात ने मुश्किल रास्ता चुना
गुजरात टाइटंस ने फाइनल तक पहुंचने के लिए लंबा सफर तय किया। क्वालिफायर-1 में हार के बाद टीम ने हार नहीं मानी और क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को मात देकर शानदार वापसी की। अब गुजरात अपने घरेलू मैदान पर ट्रॉफी उठाने का सपना पूरा करना चाहेगी।
आईपीएल 2026 का खिताबी मुकाबला रविवार, 31 मई को खेला जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों के लिए ये शाम बेहद खास रहने वाली है, क्योंकि इसी मुकाबले से सीजन के चैंपियन का फैसला होगा।
अहमदाबाद बनेगा जंग का मैदान
फाइनल मुकाबले अहमदाबाद केनरेंद्र मोदी में होगा। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियमों में शामिल ये मैदान एक बार फिर लाखों फैंस की धड़कनों का गवाह बनेगा।
दोनों टीमों के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। वहीं कप्तान टॉस के लिए शाम 7 बजे मैदान पर उतरेंगे।
टीवी पर कहां देखें मुकाबला?
जो दर्शक टीवी पर फाइनल का रोमांच लेना चाहते हैं, वे स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर इसका सीधा प्रसारण देख सकते हैं।
मोबाइल पर ऐसे उठाएं मैच का मजा
अगर आप घर से बाहर हैं या मोबाइल पर मैच देखना पसंद करते हैं, तो जियो हॉटस्टार पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।
एक तरफ लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का सपना लिए RCB है, तो दूसरी तरफ घरेलू दर्शकों के सामने खिताब जीतने के लिए बेताब गुजरात टाइटंस। दोनों टीमों के पास मैच जिताने वाले खिलाड़ी मौजूद हैं, ऐसे में क्रिकेट फैंस को सीजन का सबसे रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ट्रॉफी आखिर किस टीम के हाथों में जाती है।