आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज यश दयाल पर्सनल रीजन की वजह से टीम में शामिल नहीं हुए। यश दयाल पर कई गंभीर आरोप लगे हैं। दो महिलाओं ने उन पर रेप के आरोप लगाए हैं, जिसके बाद वह लगातार खबरों में बने हुए हैं। वहीं अब पहली बार यश दयाल ने अपने ऊपर लगे गंभीर आरोपों पर खुलकर बात की है। यश ने आईपीएल 2026 से बाहर रहने को लेकर भी अपनी बात रखी। इससे पहले आरसीबी के क्रिकेट डायरेक्टर मो बॉबट ने कहा था कि वह निजी कारणों से टीम के साथ नहीं हैं।
बता दें यश दयाल इस समय दो कानूनी मामलों का सामना कर रहे हैं, जिनमें एक मामला पॉक्सो कानून से भी जुड़ा हुआ है। आरसीबी ने यश दयाल को आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन से पहले 5 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।
यूट्यूब पर मौजूद ‘टॉक विद मानवेंद्र’ पॉडकास्ट में बात करते हुए यश दयाल ने कहा, “कभी-कभी मैं टीवी पर मैच देखते-देखते उठ जाता हूं। लेकिन अच्छी बात ये है कि आरसीबी ने मुझे रिलीज नहीं किया, मुझे रिटेन किया और मेरे रिप्लेसमेंट का भी ऐलान नहीं किया। शायद टीम को लगता है कि मैं अभी भी उनके सेटअप का अहम हिस्सा हूं।”
उन्होंने आगे कहा, "सीजन से बाहर रहना मेरा निजी फैसला नहीं था। ये बात विवादित लग सकती है, लेकिन ऐसे फैसले ऊपर के स्तर पर लिए जाते हैं, इसलिए इसके पीछे की वजह मुझे भी नहीं पता। मैं इस मुद्दे पर ज्यादा बात नहीं करना चाहता, लेकिन मुझे टीम की बहुत याद आती है। अब टीम मुझे मिस करती है या नहीं, यह तो फैंस ही बता सकते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि मुझे वहां होना चाहिए था।"
मैनेजमेंट के संपर्क में है यश
बातचीत के दौरान यश दयाल ने बताया कि उनका और आरसीबी मैनेजमेंट का संपर्क लगातार बना हुआ है। उन्होंने कहा, "मैनेजमेंट के साथ सही तरीके से बातचीत होती रहती है। कभी उनका कॉल आता है, तो कभी मैं किसी बात को लेकर सवाल पूछ लेता हूं। मैं टीम के डायरेक्टर के संपर्क में हूं और हाल ही में मेरी डीके भैया यानी दिनेश कार्तिक से भी बात हुई थी। मैनेजमेंट के साथ लगातार कम्युनिकेशन बना रहा है, हमारा संपर्क कभी टूटा नहीं।"
अपने ऊपर लगे आरोपों पर क्या कहा
अपने ऊपर लगे गंभीर आरोपों पर यश ने कहा, "पिछले एक साल में मैंने खुद को बहुत अकेला महसूस किया है। जब ऐसी चीजें हो जाती हैं, जिनकी आपने कभी उम्मीद नहीं की होती, तो इंसान खुद पर शक करने लगता है और समझ नहीं पाता कि उस स्थिति से बाहर कैसे निकले।" उन्होंने आगे कहा, "जैसे बुरे दिन आते हैं, वैसे ही अच्छे दिन भी आते हैं और मुझे लगता है कि वो ज्यादा दूर नहीं हैं। यह समय बहुत डिप्रेसिंग रहा है। जब पूरा परिवार परेशान हो, तो नींद भी नहीं आती। कभी सोचा नहीं था कि खुद को ऐसी स्थिति में फंसा हुआ पाऊंगा।"
तेज गेंदबाज यश दयाल इस समय दो अलग-अलग कानूनी मामलों को लेकर चर्चा में हैं। पहला मामला गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में दर्ज हुआ था, जिसमें एक महिला ने आरोप लगाया कि शादी का वादा करके कई साल तक उसका शोषण किया गया। हालांकि, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने इस मामले में यश दयाल की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी। वहीं दूसरे मामले में उन पर एक नाबालिग से जुड़े पॉक्सो कानून के तहत आरोप लगे हैं। इस केस में उनकी अग्रिम जमानत याचिका स्पेशल पॉक्सो कोर्ट और बाद में राजस्थान हाई कोर्ट से भी खारिज हो चुकी है। फिलहाल दोनों मामले अदालत में विचाराधीन हैं।