IPL 2026: आरसीबी से मिली हार को अब भी नहीं भुला पा रहे हैं गिल, फाइनल के दो दिन बाद तोड़ी चुप्पी

Shubman Gill: आईपीएल 2026 के फाइनल में हार के बाद शुभमन गिल ने अपनी निराशा जाहिर करते हुए कहा कि खिताब के इतने करीब पहुंचकर हारना बेहद दुखद है। उन्होंने फैंस के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि उनके भरोसे ने टीम का हौसला बढ़ाया

अपडेटेड Jun 02, 2026 पर 10:57 PM
शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 के लीग चरण में शानदार प्रदर्शन किया

आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार का सामना करना पड़ा। वहीं फाइनल में हार के दो दिन बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने अपनी दिल की बात गई है। उन्होंने कहा कि खिताब जीतने के इतने करीब पहुंचकर हारना बेहद दुखद होता है। वहीं अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली इस हार का दर्द अभी भी उनके साथ है। अपने पोस्ट में गिल ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम का समर्थन करने वाले फैंस का भी धन्यवाद किया और कहा कि उनके साथ और भरोसे ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

फाइनल में हार मिलने के बाद शुभमन गिल निराश जरूर हैं, लेकिन उन्हें भरोसा है कि गुजरात टाइटंस अगले सीजन में बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि टीम फिर से आईपीएल ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

शुभमन गिल ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट


शुभमन गिल ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "हम जीत के बहुत करीब पहुंचे थे, लेकिन खिताब नहीं जीत सके। ये काफी दुखद है और निराशा भी बहुत ज्यादा है। लेकिन यह खेल, जिससे हम सभी प्यार करते हैं, हमें जिंदगी के कई महत्वपूर्ण सबक सिखाता है। मैंने इससे एक बात सीखी है कि जब तक आप दोबारा उठकर कोशिश करते रहते हैं और हार नहीं मानते, तब तक असली हार नहीं होती। अब हम फिर से देश के लिए अपना पूरा ध्यान लगाएंगे।"

 

पोस्ट में गिल ने आगे कहा, "मैं उन सभी लोगों का दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने अच्छे और मुश्किल दोनों समय में हमारा साथ दिया। आपकी ऊर्जा और समर्थन ने हमें आखिर तक लड़ने की ताकत दी।"

आईपीएल 2026 में गुजरात का सफर

शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 के लीग चरण में शानदार प्रदर्शन किया और 14 में से 9 मैच जीतकर अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया। प्लेऑफ के पहले क्वालिफायर में गुजरात को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद गुजरात ने क्वालिफायर-2 में शानदार वापसी करते हुए राजस्थान रॉयल्स को हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस मुकाबले में 215 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेली और बेहतरीन शतक जड़कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

आईपीएल में गिल का बेहतरीन प्रदर्शन

आईपीएल 2026 में शुभमन गिल ने कप्तान और बल्लेबाज दोनों भूमिकाओं में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पूरे सीजन 16 मैचों में 732 रन बनाए और अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ क्वालिफायर-2 में खेली गई उनकी 104 रन की बेहतरीन पारी टीम की सबसे यादगार पारियों में से एक रही, जिसकी बदौलत गुजरात टाइटंस ने फाइनल में जगह बनाई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।