Jasprit Bumrah: भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक राहत भरी खबर है। भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह फिट हैं और इंग्लैंड के खिलाफ 23 जुलाई से ओल्ड ट्रैफर्ड में शुरू हो रहे चौथे टेस्ट में टीम का हिस्सा होंगे। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने इस बात की पुष्टि की हैं। मैनचेस्टर में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'जस्सी भाई तो खेलेंगे ही', वो भारतीय प्लेइंग इलेवन में शामिल होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ हुए अब तक तीन टेस्ट मैचों में से बुमराह ने दो मैच खेले हैं। उन्होंने 12 विकेट लिए हैं, जिसमें दो पारियों में पांच-पांच विकेट भी शामिल है। सीरीज में वो फिलहाल दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
