इस भारतीय खिलाड़ी ने दो महीने में घटाया 17Kg वजन! अब केविन पीटरसन ने लगा दी पृथ्वी शॉ की क्लास

सरफराज खान बीते कुछ सालों से घरेलू मैचों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आ रहे हैं। सरफराज खान ने इस साल फरवरी में इंग्लैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। लेकिन फिलहाल वह टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल नहीं हैं

अपडेटेड Jul 21, 2025 पर 7:03 PM
Story continues below Advertisement
इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन ने भी सरफराज खान की फिटनेस को लेकर उनकी तारीफ की है

भारतीय क्रिकेटर सरफराज खान इस समय काफी चर्चा में हैं। क्रिकेटर ने वजन घटाने के बाद अपना एक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किया। सरफराज खान की ये फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। रिपोट्स के मुताबिक सरफराज खान ने पिछले दो महीने में करीब 17 किलो वजन घटाया है। शेयर किए गए फोटो में क्रिकेटर काफी स्लिम और फिट नजर आ रहे हैं। वहीं हर कोई क्रिकेटर के इस ट्रांसफॉर्मेशन की तारीफ कर रहा है। इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन ने भी सरफराज खान की फिटनेस को लेकर उनकी तारीफ की है। इसके साथ ही उन्होंने पृथ्वी शॉ को लेकर भी कुछ कहा है।

केविन पीटरसन ने क्या कहा

केविन पीटरसन ने सोमवार एक्स पर लिखा, "शानदार प्रयास, यंग मैन! बहुत-बहुत बधाई। मुझे यकीन है कि इसका असर मैदान पर आपके परफॉर्मेंस में जरूर दिखेगा। आपने अपनी प्रायोरिटी को फिर से अरेंज करने में जो समय लगाया, वो काबिल-ए-तारीफ है। आगे बढ़ते हैं! क्या कोई पृ‍थ्वी शॉ को दिखा सकता है कि ये मुमकिन है? मजबूत शरीर, मजबूत दिमाग!" सरफराज ने जब जिम के बाद अपनी ट्रांसफॉर्मेशन की फोटो जैसे ही सोशल मीडिया पर डाली, तो लोग उनके नए लुक और मेहनत की जमकर तारीफ करने लगे। हर कोई उनके हौसले और फिटनेस को लेकर काफी प्रभावित दिखा।

इसी साल किया था टेस्ट डेब्यू

सरफराज खान बीते कुछ सालों से घरेलू मैचों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आ रहे हैं। सरफराज खान ने इस साल फरवरी में इंग्लैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। लेकिन फिलहाल वह टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल नहीं हैं। उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद फिटनेस को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। यही वजह है कि वो अभी तक टीम में अपनी स्थायी जगह नहीं बना पाए हैं। भारत के इंग्लैंड के दौरे में भी सरफराज को शामिल नहीं किया गया है।


महाराष्ट्र की ओर से खेलेंगे पृथ्वी शॉ

भारतीय टीम से बाहर चल रहे बल्लेबाज पृथ्वी शॉ अब घरेलू क्रिकेट में महाराष्ट्र की ओर से खेलेंगे। जून में उन्होंने मुंबई क्रिकेट संघ से टीम बदलने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मांगा था, जो उन्हें उसी महीने के अंत में मिल गया। शॉ ने एक बयान में कहा, "अपने करियर के इस मोड़ पर, मुझे लगता है कि महाराष्ट्र टीम से जुड़ना मेरे क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने में मदद करेगा। मैं मुंबई क्रिकेट संघ का दिल से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने मुझे वर्षों तक लगातार मौके और समर्थन दिया।"

Jasprit Bumrah: जसप्रीत बुमराह की वापसी कन्फर्म! इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में टीम में होंगे शामिल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।