Sachin Tendulkar: खेल की दुनिया में भगवान का दर्जा पाने वाले भारतीय खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर की बल्लेबाजी के अलावा लोग उनको सादगी के लिए भी काफी पसंद करते हैं। क्रिकेट की दुनिया में टॉप पर पहुंचने के बाद भी सचिन हमेशा जमीन से जुड़े हुए खिलाड़ी रहे हैं। वहीं एक बार फिर क्रिकेट के इस महान खिलाड़ी की सादगी लोगों को काफी पसंद आई है। बता दें कि, सचिन तेंदुलकर ने सोमवार शाम रेडिट पर "आस्क मी एनीथिंग" सेशन में फैन्स से जुड़कर उनके सवालों के जवाब दिए। इस दौरान एक यूजर ने उनसे उनकी पहचान साबित करने के लिए कहा, जिस पर सचिन ने मजेदार अंदाज़ में ऐसा जवाब दिया कि वो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
सचिन के जवाब ने जीता लोगों का दिल
"आस्क मी एनीथिंग" के दौरान जब एक फैन ने मज़ाकिया अंदाज़ में पूछा कि, "क्या सच में आप सचिन तेंदुलकर ही हैं? प्लीज़ वेरिफाइ के लिए एक वॉइस नोट शेयर कर दीजिए।" इस पर तेंदुलकर ने बड़े ही मजेदार तरीके से जवाब दिया। उन्होंने एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह स्क्रीन पर उसी सवाल की ओर इशारा कर रहे थे और साथ ही लिखा – "अभी आधार भी भेज दूं क्या?" बता दें कि सेशल में सचिन तेंदुलकर ने अपने फैंस से कई बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि उनकी अब तक की सबसे पसंदीदा पारी कौन सी रही और 2011 के वनडे विश्व कप फाइनल में उन्होंने युवराज सिंह के बजाय पहले एमएस धोनी को बल्लेबाजी क्यों भेजा।
2011 वर्ल्ड कप को लेकर किया ये खुलासा
जब युवराज की जगह धोनी को बल्लेबाजी के लिए आगे बढ़ाने के बारे में पूछा गया, तो तेंदुलकर ने लिखा, "इसके दो कारण थे। पहला, लेफ्ट एंड राइट हेंड कॉबिनेशन के कारण श्रीलंका के दोनों ऑफ स्पिनरों को काफी मुश्किल हो सकती थी।दूसरा, मुरलीधरन पहले सीएसके (2008-2010) के लिए खेल चुके थे और एमएस ने उन्हें तीन सीजन तक नेट्स पर खेलने का मौका दिया था।" इसके अलावा, तेंदुलकर ने खुलासा किया कि उनके बेटे अर्जुन की सगाई सानिया चंडोक से हो चुकी है। जब एक फैन ने पूछा, "क्या सच में अर्जुन की सगाई हो गई है?", तो सचिन तेंदुलकर ने कहा, "हां, हो गई है, और हम सभी उसके नए जीवन की शुरुआत के लिए बहुत खुश हैं।"
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।