Mohammed Shami: भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इस समय काफी चर्चा में है। हाल ही में हुए एशिया कप के लिए चुनी गई टीम इंडिया के 15 सदस्यीय टीम में मोहम्मद शमी को जगह नहीं मिली। वहीं शमी के इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट टीम में शामिल होने किए जाने की पूरी उम्मीद थी लेकिन फिटनेस की वजह से मोहम्मद शमी को टीम में शामिल नहीं किया गया। शमी ने भारत को 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी जीतने में अहम भूमिका निभाई थी। शानदार रिकार्ड होने के बाद भी अक्सर उनको सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने ट्रोलिंग पर खुलकर बात की है।
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में हुए थे ट्रोल
2021 टी20 विश्व कप में पाकिस्तान से भारत की हार के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उन पर बेवजह निशाना साधा और अपशब्द कहे। यहां तक कि उन्हें “गद्दार” और “राष्ट्रविरोधी” तक कहा गया, हालांकि शमी ने इन सबका डटकर सामना किया। एक इंटरव्यू के दौरान जब शमी से पूछा गया कि क्या मुस्लिम खिलाड़ियों को अक्सर ज्यादा आलोचना झेलनी पड़ती है, खासकर तब जब भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होते हैं, तो उन्होंने इस सवाल का बेहद साफ और बेबाक अंदाज में जवाब दिया।
ट्रोलिंग पर शमी ने क्या कहा
न्यूज24 को दिए इंटरव्यू में मोहम्मद शमी ने कहा, "मैं इस तरह की ट्रोलिंग पर ध्यान नहीं देता। मुझे एक काम दिया गया है। मैं कोई मशीन नहीं हूं। अगर मैं साल भर कड़ी मेहनत करता हूं तो कभी सफल और कभी असफल भी होऊंगा। ये लोगों पर निर्भर करता है कि वे इसे कैसे लेना चाहते हैं। जब आप अपने देश के लिए खेलते हैं, तो आप ये सब बातें भूल जाते हैं। आपके लिए विकेट लेना और मैच जीतना ज्यादा जरूरी हो जाता है। मैं ऐसे समय में सोशल मीडिया पर नहीं जाना चाहता। आपको सोशल मीडिया पर पॉजिटिव और नेगेटिव, दोनों तरह की कमेंट देखने को मिलती हैं। जब आप खेल रहे होते हैं, तो आपको ऐसी चीजों से दूर रहना चाहिए।"
मोहम्मद शमी ने आगे कहा, "हम सफल होने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। ट्रोल्स को बस दो लाइन टाइप करनी होती हैं। सच्चे फैंस ऐसी बातें कभी नहीं करेंगे। अगर आपको कोई आपत्ति है, तो उसे उठाएं, लेकिन सम्मानपूर्वक। अगर आपको लगता है कि आप मुझसे बेहतर कर सकते हैं, तो कृपया आइए और कोशिश कीजिए। यह हमेशा खुला है।"
रिटायरमेंट पर शमी ने क्या कहा
रिटायरमेंट की खबरों को खारिज करते हुए शमी ने कहा, वह राष्ट्रीय टीम में वापसी के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने को तैयार हैं। शमी ने कहा, "अगर किसी को दिक्कत है, तो मुझे बताइए, क्या मेरे संन्यास लेने से उनकी जिंदगी बेहतर हो जाएगी? बताइए, मैं किसकी जिंदगी का पत्थर बन गया हूं जो आप चाहते हैं कि मैं संन्यास ले लूं? जिस दिन मैं बोर हो जाऊंगा, मैं खेल छोड़ दूंगा। आप मुझे न चुनें, लेकिन मैं कड़ी मेहनत करता रहूंगा। आप मुझे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में न चुनें, मैं घरेलू क्रिकेट खेलूंगा। मैं कहीं न कहीं खेलता रहूंगा। आपको ये फैसले तब लेने पड़ते हैं जब आप बोर होने लगते हैं। अभी मेरे लिए वो समय नहीं है।"
मोहम्मद शमी ने अब तक 64 टेस्ट में 229, 108 वनडे में 206 और 25 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 27 विकेट ले चुके हैं। 2023 के वनडे विश्व कप में उन्होंने 24 विकेट झटके और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। वहीं 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी में भी वह 9 विकेट लेकर भारत के संयुक्त रूप से सबसे सफल गेंदबाज रहे।