भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और मशहूर विकेटकीपर बल्लेबाज़ महेंद्र सिंह धोनी को ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है। 9 जून को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने यह बड़ी घोषणा की। धोनी के साथ-साथ दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ओपनर हाशिम अमला और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज़ मैथ्यू हेडन को भी इस खास सम्मान से नवाजा गया है। इस सम्मान को लेकर धोनी ने भी अपना रिएक्शन दिया है। उन्होंने कहा कि, "ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। यह उन क्रिकेटरों को मान्यता देता है जिन्होंने अलग-अलग समय में और दुनियाभर में खेल में योगदान दिया है। इतने महान खिलाड़ियों के साथ मेरा नाम जुड़ना एक खास अनुभव है जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा।"
