पाकिस्तान में मौजूदा राजनीतिक हालात का असर क्रिकेट पर भी दिखाई देने लगा है। पाकिस्तान ने हाल ही में खैबर पख्तूनख्वा में इमरजेंसी की घोषणा की थी। वहीं इमरजेंसी की घोषणा के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को क्रिकेट का शेड्यूल और आयोजन स्थल को बदलना पड़ा है। पीसीबी ने प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-1 के कुछ मुकाबलों के आयोजन स्थल बदल दिए हैं। पहले ये मैच पेशावर और एबटाबाद में खेले जाने थे, लेकिन अब इन्हें शेखूपुरा और लाहौर में कराने का फैसला किया गया है। बोर्ड ने यह बदलाव खिलाड़ियों और मैचों के सुचारू आयोजन को ध्यान में रखते हुए किया है।
पाकिस्तान में घोषित हुआ इमरजेंसी
क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के PTI शासित खैबर पख्तूनख्वा में इमरजेंसी और गवर्नर रूल लागू किए जाने के बाद ये फैसला लिया गया। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता वाली संघीय कैबिनेट की सिफारिशों को राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की मंजूरी मिलने के बाद प्रांत में इमरजेंसी घोषित की गई।
14 अक्टूबर को होगा मुकाबला
पाकिस्तान के फर्स्ट-क्लास टूर्नामेंट के मौजूदा सीजन में मुकाबले चार शहरों में आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें पेशावर, एबटाबाद, इस्लामाबाद और रावलपिंडी शामिल हैं। फिलहाल इस्लामाबाद और रावलपिंडी में होने वाले मैच तय कार्यक्रम के अनुसार ही खेले जाएंगे। वहीं, टूर्नामेंट का छठा दौर सोमवार से शुरू होगा और पेशावर व एबटाबाद में होने वाले मुकाबलों को 14 अक्टूबर से दूसरे स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। बता दें प्रेसिडेंट कप फर्स्ट-क्लास टूर्नामेंट की शुरुआत 12 सितंबर को हुई थी। इस प्रतियोगिता के मुकाबले तय कार्यक्रम के अनुसार 24 अक्टूबर तक खेले जाने हैं।
कहां पर होगा किसका मुकाबला
बदले हुए शेड्यूल के बाद प्रेसिडेंट कप के मुकाबलों के आयोजन स्थलों में बदलाव किया गया। अब गनी शेखपुरा की टीम राणा नवीद एकेडमी में हैदराबाद किंग्समेन एकेडमी से भिड़ेगी, जबकि सुई नॉर्दर्न गैस पाइपलाइन्स लिमिटेड का मुकाबला लाहौर के LCCA ग्राउंड पर ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड से होगा। इसी मैदान पर मार्खोर IT सॉल्यूशंस और पाकिस्तान टीवी के बीच भी मैच खेला जाएगा। वहीं, हैदराबाद किंग्समेन एकेडमी इस्लामाबाद के नेशनल क्रिकेट ग्राउंड में स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरेगी और डायमंड क्लब ग्राउंड पर भी मुकाबले होंगे। टूर्नामेंट के आखिरी चरण को एक दिन आगे बढ़ाया गया है और अब यह 19 अक्टूबर से शुरू होगा।