Rahul Dravid: राहुल द्रविड़ के 17 साल के बेटे अन्वय ने मचाया तहलका, 41 गेंदों में खेली 85 रन की विस्फोटक पारी

Anvay Dravid: राहुल द्रविड़ के 17 वर्षीय अन्वय द्रविड़ ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से एक बार फिर प्रभावित किया। दिल्ली अंडर-19 के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 41 गेंदों में 85 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 200 से ज्यादा था

अपडेटेड Oct 12, 2026 पर 3:59 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सोमवार के मुकाबले में अन्वय द्रविड़ ने कर्नाटक की पारी को तेज रफ्तार से आगे बढ़ाया

भारतीय टीम के पूर्व कोच राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ अपनी ताबड़तोड़ बैटिंग को लेकर चर्चा में हैं। 17 वर्षीय बेटे अन्वय द्रविड़ ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। सोमवार को दिल्ली अंडर-19 के खिलाफ उन्होंने महज 41 गेंदों में 85 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। अन्वय ने अपनी पारी में 207.32 की स्ट्राइक रेट से 7 चौके और 5 छक्के लगाए। उनकी तेजतर्रार पारी की बदौलत कर्नाटक ने 49 ओवर में 4 विकेट खोकर 418 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

ध्रुव ने भी खेली तूफानी पारी

सोमवार के मुकाबले में अन्वय द्रविड़ ने कर्नाटक की पारी को तेज रफ्तार से आगे बढ़ाया। वहीं उनसे पहले ध्रुव कृष्णन ने दिल्ली के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। ध्रुव ने केवल 51 गेंदों में 103 रन की शानदार पारी खेली और टीम को बड़े स्कोर की मजबूत नींव दी। इसके बाद अन्वय ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पारी को बेहतरीन अंदाज में आगे बढ़ाया, जिससे कर्नाटक विशाखापत्तनम में 400 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रहा। अन्वय द्रविड़ की बैटिंग स्टाइन काफी हद तक युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की तरह लगती है।


अन्वय कर रहे आक्रामक बल्लेबाजी

विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय इस टूर्नामेंट में कर्नाटक टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं। कप्तानी के साथ अन्वय द्रविड़ विकेटकीपर की भूमिका भी निभा रहे हैं। कप्तान के तौर पर उनका आक्रामक अंदाज उनकी बल्लेबाजी को और खास बना रहा है। अन्वय द्रविड़ ने दिल्ली के खिलाफ शानदार पारी खेलने से पहले भी अपने बल्ले से दमदार प्रदर्शन किया था। शनिवार को चंडीगढ़ के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 62 गेंदों में 104 रन बनाकर कर्नाटक की 100 रन की जीत में अहम योगदान दिया था।

अंडर-19 में किया शानदार प्रदर्शन

अन्वय द्रविड़ ने भारत की अंडर-19 टीम के साथ भी अपनी बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया है। जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 67 गेंदों में 87 रन की पारी खेली थी, जिसमें 9 चौके और एक छक्का शामिल था, हालांकि उस मुकाबले में भारत को 8 विकेट से हार मिली। इसके बाद सितंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ राजकोट में खेले गए बारिश से प्रभावित मैच में अन्वय ने महज 18 गेंदों में 38 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 3 छक्के और 2 चौके शामिल रहे और भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 182 रन बनाए। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह मुकाबला 7 रन से जीत लिया।

पाकिस्तान में लगी इमरजेंसी से मचा हड़कंप, PCB ने मैच के वेन्यू में किया बड़ा बदलाव

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।