Rajat Patidar: विराट कोहली के कॉल को समझा मजाक, छत्तीसगढ़ के युवक के पास आया रजत पाटिदार का नंबर, फिर ऐसे खुला राज

Rajat Patidar: भारतीय क्रिकेटर रजत पाटीदार का पुराना मोबाइल नंबर 90 दिनों से ज्यादा समय तक इस्तेमाल न होने पर बंद कर दिया गया था। बाद में छत्तीसगढ़ के गरियाबंद के एक युवक ने इसको एक दुकान से खरीदा। इसके बाद जो हुआ वह काफी हैरान करने वाला था

अपडेटेड Aug 10, 2025 पर 5:02 PM
रजत पाटीदार का पुराना मोबाइल नंबर 90 दिनों से ज्यादा समय तक इस्तेमाल न होने की वजह से टेलीकॉम कंपनी ने ये नंबर डीएक्टिवेट कर दिया

आप अगर भारत के किसी गांव में बैठे हों और अचानक आपके फोन पर टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली का या फिर दिग्गज खिलाड़ी एबी डिविलियर्स का फोन आ जाए तो आपका रिएक्शन होगा। आपको लगेगा की कोई आपके साथ मजाक कर रहा है। लेकिन ये वाकया सच में छत्तीसगढ़ के एक गांव में हुआ। लेकिन इस कहानी में एक बड़ा ट्विस्ट भी आया। आइए जानते हैं पूरी कहानी।

भारतीय क्रिकेटर रजत पाटीदार का पुराना मोबाइल नंबर 90 दिनों से ज्यादा समय तक इस्तेमाल न होने पर बंद कर दिया गया था। बाद में छत्तीसगढ़ के गरियाबंद के एक युवक ने इसको एक दुकान से खरीदा।

क्या था पूरा मामला


एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, रजत पाटीदार का पुराना मोबाइल नंबर 90 दिनों से ज्यादा समय तक इस्तेमाल न होने की वजह से टेलीकॉम कंपनी ने ये नंबर डीएक्टिवेट कर दिया। बाद में इसे छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में रहने वाले मनीष के नाम से जारी कर दिया। मनीष ने जियो के इस नए सिम को 28 जून को एक दुकान से खरीदा। इसके बाद जो हुआ वह काफी हैरान करने वाला था। व्हाट्सएप पर लॉगिन करते ही रजत पाटीदार की फोटो प्रोफाइल पिक्चर दिखने लगी। इसके बाद युवक ने अपने दोस्त खेमराज को भी इसके बारे में बताया। मनीष और उनके दोस्त खेमराज को शुरू में इसका अंदाजा नहीं था, लेकिन अनजाने में वे भारतीय क्रिकेट जगत की वीआईपी कॉन्टैक्ट लिस्ट का हिस्सा बन गए।

विराट और डिविलियर्स ने किया फोन

नया नंबर मिलने के कुछ ही दिनों के बाद मनीष के फोन पर लगातार कॉल आने लगे। कॉल करने वालों में क्रिकेट के कई बड़े नाम शामिल थे। रिपोर्ट के मुताबिक, कॉल करने वालों में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स भी शामिल थे।  शुरुआत में मनीष और उनके दोस्त खेमराज को लगा की कोई मजाक कर रहा है, लेकिन बाद में खुद रजत पाटीदार ने उनको फोन कर अपना नंबर वापस मांगा।

रजत पाटीदार ने बताई पूरी बात

एनडीटीवी के मुताबिक, कॉल पर क्रिकेटर ने कहा, "भाई, मैं रजत पाटीदार बोल रहा हूं। ये नंबर मेरा है, कृपया इसे लौटा दें।" मनीष और खेमराज को यकीन ही नहीं हुआ कि सच में पाटीदार बात कर रहे हैं, तो उन्होंने हंसते हुए जवाब दिया, "और हम एमएस धोनी हैं!" रजत ने उन्हें समझाया कि यह नंबर उनके लिए बेहद जरूरी है, क्योंकि यही नंबर उनके कोच, दोस्तों और बाकी लोगों के पास हैं। लेकिन मनीष और खेमराज अब भी उनकी बात पर यकीन करने को तैयार नहीं थे। तभी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान ने कहा, "ठीक है, मैं पुलिस भेजता हूं।"

रजत ने पुलिस से की शिकायत

इसके बाद रजत ने स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी और सिर्फ 10 मिनट में मनीष के दरवाजे पर पुलिस पहुंच गई। तब उन्हें समझ आया कि यह मजाक नहीं था। इस तरह मनीष और खेमराज की विराट और डिविलियर्स से बात तो हो गई, लेकिन उन्हें पहले इसकी गंभीरता का अंदाजा ही नहीं था। खेमराज ने मजाकिया अंदाज में कहा, "गलत नंबर की वजह से मुझे कोहली से बात करने का मौका मिला, मेरे लाइफ का सपना पूरा हो गया।" इसके बाद दोनों दोस्तों ने बिना किसी देर किए सिम कार्ड वापस कर दिया।

2027 वर्ल्ड कप नहीं खेलेंगे कोहली और रोहित...वनडे से भी लेने वाले हैं रिटायरमेंट? आई ये बड़ी खबर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।