इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर ट्रॉफी का सूखा खत्म किया था। 3 जून को अहमदबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को हराया था। आरसीबी की ये पहली आईपीएल ट्रॉफी थी। वहीं ट्रॉफी जीतने के बाद जीत का जश्न मनाने के लिए 4 जून को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक कार्यक्रम रखा गया था। इस इवेंट में कई सारे क्रिकेट फैंस जमा हो गए और स्टेडियम के बाहर भगड़द मच गई।
इस भगदड़ में कुल 11 लोगों को जान चली गई। वहीं इस घटना के कई महीनों के बाद आरसीबी की टीम ने भगदड़ में मारे गए लोगों के परिवार वालों को मुआवजा देने का ऐलान किया है।
आरसीबी ने सोशल मीडिया पर बताया, हादसे में मरने वाले परिवार को 25-25 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। भगदड़ की घटना के बाद आरसीबी ने शुरुआत में मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की मदद देने की घोषणा की थी। अब शनिवार को टीम ने अपना पहला इमोशनल पोस्ट शेयर किया है
एक्स पर किए गए पोस्ट में आरसीबी ने कहा, "4 जून 2025 को हमारा दिल टूट गया। हमने आरसीबी परिवार के 11 सदस्यों को खो दिया। वे हमारे शहर, हमारी कम्युनिटी और हमारी टीम की पहचान का हिस्सा थे। उनकी कमी हमेशा हमारी यादों में बनी रहेगी। उनके जाने से जो खालीपन बना है, उसे कोई मदद कभी पूरा नहीं कर सकती। लेकिन पहले कदम के रूप में और गहरे सम्मान के साथ, हमने उनके परिवारों को 25-25 लाख रुपये दिए हैं। यह सिर्फ आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि करुणा, एकजुटता और लगातार देखभाल का हमारा वादा है।" फ्रैंचाइजी ने बताया कि यह आर्थिक मदद उनकी नई पहल "आरसीबी केयर्स" के तहत दी जा रही है।