India-Pakistan Match: पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने कहा है कि राजनीति को खेल से दूर रखा जाना चाहिए, क्योंकि एक खिलाड़ी क्रिकेट का एक अच्छा राजदूत होता है। भारत और पाकिस्तान के बीच लंदन में होने वाला वर्ल्ड लीजैंड्स चैम्पियनशिप (WCL) का बहुप्रतीक्षित मैच रद्द होने के बाद शाहिद अफरीदी का यह बयान सामने आया है। अफरीदी ने कहा, "सभी टीमें इंग्लैंड में क्रिकेट खेलने आती हैं, और वह इस बात पर जोर देते हैं कि राजनीति को खेल से दूर रखा जाना चाहिए, क्योंकि एक खिलाड़ी क्रिकेट का एक अच्छा राजदूत होता है, न कि देश के लिए शर्मिंदगी का कारण...।"
भारत और पाकिस्तान को रविवार, 20 जुलाई को टूर्नामेंट में एक मैच खेलना था। लेकिन पहलगाम में अप्रैल में हुए आतंकवादी हमले का हवाला देकर शिखर धवन समेत कई भारतीय सितारों के खेलने से इनकार के बाद वर्ल्ड लीजैंड्स चैम्पियनशिप में भारत और पाकिस्तान के वेटरन खिलाड़ियों के बीच होने वाला मैच रद्द कर दिया गया है।
बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन इस चैम्पियनशिप के सह मालिक है। इसका दूसरा सत्र 18 जून को एजबेस्टन में शुरू हुआ था। इसका फाइनल मुकाबला 2 अगस्त को खेला जाएगा। वर्ल्ड कप विजेता युवराज सिंह इंडिया चैम्पियंस टीम के कप्तान है। इसमें हरभजन सिंह, इरफान पठान, सुरेश रैना, रॉबिन उथप्पा और वरुण आरोन जैसे दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं।
अफरीदी ने कहा, "हम यहां (लंदन) क्रिकेट खेलने आए हैं। अगर भारत पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलना चाहता था, तो उन्हें यहां आने से पहले ही मना कर देना चाहिए था। लेकिन अब आप आ गए हैं, अभ्यास सत्र भी आयोजित किए हैं। फिर अचानक एक ही दिन में सब कुछ बदल दिया।"
पाकिस्तान चैंपियंस के मालिक कामिल खान ने पुष्टि की है कि वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स बिना किसी बदलाव के तय रोस्टर के अनुसार जारी रहेगी। WCL के आयोजकों ने X पर एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए मैच रद्द करने के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि इस मुकाबले का उद्देश्य भारत-पाकिस्तान के बीच फिर से कुछ सुखद यादें बनाना था।
पाकिस्तानी टीम में शाहिद अफरीदी कप्तान हैं। जबकि यूनिस खान, सोहेल तनवीर, वहाब रियाज, कामरान अकमल भी टीम का हिस्सा हैं। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज धवन ने X पर बयान जारी करके कहा कि वह पाकिस्तान के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे।
धवन ने कहा कि उन्होंने पहलगाम आतंकवादी हमले और आपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच की भू राजनैतिक स्थिति को देखकर यह फैसला लिया है। दोनों देशों के बीच संक्षिप्त सैन्य टकराव पाकिस्तान के संघर्ष विराम के अनुरोध के बाद रूका।
राज्यसभा सांसद और महान आफ स्पिनर हरभजन और पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान ने भी पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलने का फैसला लिया है लेकिन कोई बयान जारी नहीं किया। पाकिस्तानी टीम के खिलाफ खेलने को राजी होने पर खिलाड़ियों की सोशल मीडिया पर काफी किरकिरी हो रही थी।
भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय खेल संबंध बंद है। लेकिन ओलिंपिक खेलों और क्रिकेट विश्व कप में उनका सामना होता है। भारत सरकार ने इस साल भारत में होने वाले हॉकी एशिया कप (अगस्त), जूनियर हॉकी विश्व कप (नवंबर दिसंबर), जूनियर निशानेबाजी विश्व कप (सितंबर) और विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप (अक्टूबर) में पाकिस्तान की भागीदारी को मंजूरी दे दी है।
अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकवादी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई थी। इस साल क्रिकेट में चैम्पियंस ट्रॉफी के दौरान भारत और पाकिस्तान के मुकाबले हाइब्रिड मॉडल पर दुबई में हुए थे। इसके बाद पाकिस्तान इस साल महिला विश्व कप में अपने सारे मैच कोलंबो में खेलेगा। जबकि भारत और श्रीलंका सह मेजबान हैं।