विराट कोहली चले रोजर फेडरर की राह! 300 करोड़ का ऑफर ठुकरा...इस घरेलू कंपनी में किया निवेश

विराट कोहली ने प्यूमा का नया करार ठुकराने के बजाय अब एक घरेलू स्पोर्ट्सवियर कंपनी एजिलिटास में निवेश किया है और वह इसके सह-निर्माता भी बन गए हैं। कंपनी की योजना है कि कोहली की लोकप्रियता का फायदा उठाकर अपने ब्रांड को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जाए

अपडेटेड Apr 13, 2025 पर 11:38 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IPL 2025 के बीच विराट कोहली ने ठुकरा दी 300 करोड़ की डील

विराट कोहली भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटरों में से एक हैं, जिनकी फैन फॉलोइंग करोड़ों में है। क्रिकेट के अलावा कोहली कई ब्रांड्स के साथ जुड़े हुए हैं और एड से अच्छी खासी कमाई करते हैं। RCB के इस दिग्गज खिलाड़ी ने हाल ही में स्पोर्ट्स ब्रांड प्यूमा के साथ अपने आठ साल के सफर को पूरा किया है। विराट, प्यूमा के आठ सालों तक ब्रांड एंबेसडर थे। जानकारी के मुताबिक, कोहली को प्यूमा की ओर से अगले आठ सालों के लिए करीब 300 करोड़ रुपये का नया करार ऑफर किया गया था। लेकिन विराट ने यह ऑफर ठुकरा दिया। विराट की ओर से ये फैसला क्यों लिया गया, इसकी वजह तो साफ नहीं है लेकिन कोहली का यह कदम अब चर्चा में बना हुआ है।

इस कंपनी में विराट ने किया निवेश

सूत्रों के मुताबिक, विराट कोहली ने प्यूमा का नया करार ठुकराने के बजाय अब एक घरेलू स्पोर्ट्सवियर कंपनी एजिलिटास में निवेश किया है और वह इसके सह-निर्माता भी बन गए हैं। कंपनी की योजना है कि कोहली की लोकप्रियता का फायदा उठाकर अपने ब्रांड को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जाए। एजिलिटास की शुरुआत 2023 में हुई थी और इसे प्यूमा इंडिया और साउथ-ईस्ट एशिया के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर अभिषेक गांगुली ने बनाया है। अगले तीन महीनों में इस साझेदारी और कंपनी के विकास को लेकर आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।


फिलहाल एजिलिटास ब्रांड लॉन्च और कोहली के पर्सनल ब्रांड वन8 के नए स्टोर्स खोलने की तैयारी में जुटी है। बता दें, वन8 कोहली ने साल 2016 में रजिस्टर कराया था। हालांकि सूत्रों ने एजिलिटास में कोहली के निवेश की पुष्टि की है, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि यह कितनी बड़ी राशि है। कंपनी ने बस इतना कहा कि यह एक "महत्वपूर्ण निवेश" है।

प्यूमा के साथ तोड़ा रिश्ता

बता दें कि साल 2017 में विराट कोहली ने प्यूमा के साथ करीब 110 करोड़ रुपये का आठ साल का करार किया था, जो उस समय भारतीय खेल जगत में सबसे बड़ा ऑफर माना गया था। कोहली का पर्सनल ब्रांड वन8, प्यूमा के साथ मिलकर काम कर रहे थे और इस साझेदारी के तहत करीब 250 करोड़ रुपये का कारोबार किया गया था। 'प्यूमा वन8' के नाम से मर्चेंडाइज की एक खास रेंज लॉन्च की गई थी, जिसमें कपड़े, जूते और एक्सेसरीज शामिल थीं।

फेडरर की राह चले विराट!

अब वन8 की योजना है कि वह अपने खुद के स्टोर्स खोलकर ब्रांड को आगे बढ़ाए और कोहली की जबरदस्त फैन फॉलोइंग का फायदा उठाते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाए। यह रणनीति कुछ हद तक उस मॉडल से मिलती-जुलती है, जैसा कि स्विस टेनिस स्टार रोजर फेडरर ने किया था। फेडरर ने स्विस एथलेटिक ब्रांड "ऑन" में निवेश किया और उनके साथ मिलकर ‘द रोजर एडवांटेज’ नामक एक खास शू मॉडल भी लॉन्च किया गया। इसी तरह, अब विराट कोहली भी अपने ब्रांड वन8 को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

वन8 की योजना अमेरिका और ब्रिटेन जैसे बड़े बाजारों में अपने प्रोडक्ट्स की पहुंच बनाने की है। 2023 में, एजिलिटास स्पोर्ट्स ने भारत की सबसे बड़ी स्पोर्ट्स फुटवियर बनाने वाली कंपनी मोचिको शूज़ का खरीदा था, हालांकि इसकी कीमत का खुलासा नहीं किया गया। एजिलिटास ने अपने पहले ही साल में कन्वर्जेंट फाइनेंस, नेक्सस वेंचर पार्टनर्स और कुछ व्यक्तिगत निवेशकों से करीब 30 करोड़ रुपये की फंडिंग जुटाई थी। अब विराट कोहली की साझेदारी के साथ, यह ब्रांड घरेलू और विदेशी दोनों बाजारों में बड़ी सफलता की ओर कदम बढ़ सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।