FIR Against Yash Dayal: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार गेंदबाज यश दयाल पर गिरफ्तारी की तलवार लटकती नजर आ रही है। उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न के मामले में FIR दर्ज की गई है। उन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत केस दर्ज किया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि IPL 2025 की चैंपियन RCB के तेज गेंदबाज यश दयाल पर सोमवार (7 जुलाई) देर शाम रेप की FIR दर्ज की गई। गाजियाबाद की एक युवती ने दयाल पर शादी का झूठा वादा कर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है।
न्यूज 18 के मुताबिक, मुख्यमंत्री के शिकायत पोर्टल IGRS के माध्यम से दर्ज की गई शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद इंदिरापुरम पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई। शिकायत के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया कि वह यश दयाल के साथ पांच साल तक रिलेशनशिप में रही। इस दौरान यश ने शादी के झूठे वादे के तहत उसका कई बार यौन शोषण किया। महिला ने दावा किया कि यश ने उसे अपने परिवार से भी मिलवाया। उन्होंने उसके साथ ऐसा व्यवहार किया जैसे कि वे शादीशुदा कपल हों। इससे उसका विश्वास और गहरा हो गया।
शिकायत में कहा गया है कि यश ने अपने रिश्ते के दौरान महिला से पैसे लिए। महिला का आरोप है कि उन्होंने अन्य महिलाओं के साथ भी इसी तरह का व्यवहार किया। महिला ने दावा किया कि जब उसने यश से उसके कथित धोखे और अन्य महिलाओं के साथ संबंधों के बारे में पूछा, तो उसके साथ उन्होंने शारीरिक हिंसा और छेड़छाड़ की गई।
'द इंडियन एक्सप्रेस' की एक रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि क्रिकेटर यश दयाल ने शादी का झूठा झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उसका दावा है कि मानसिक पीड़ा के कारण उसने कई बार खुदकुशी करने की कोशिश की। रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने आरोप लगाया, "उसने (यश दयाल ने) शादी का झूठा वादा करके मेरे साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाए। मुझे अपने परिवार से मिलवाया, जिन्होंने मुझे आश्वासन दिया कि मैं उनकी बहू बनूंगी। मैंने पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ रिश्ता बनाए रखा।"
शिकायतर्ता ने आगे कहा, "मैंने कई बार अपनी जान लेने की कोशिश की क्योंकि मैं मानसिक पीड़ा से बाहर नहीं निकल पा रही थी। वह और उसका परिवार मुझे झूठे आश्वासन देता रहा। अन्य महिलाओं के साथ उसके संबंधों ने मुझे गहरा मानसिक आघात पहुंचाया। उसने मुझे तोड़ दिया।"
महिला ने मामले में तुरंत कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने यश दयाल की गिरफ्तारी की भी मांग की है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने साक्ष्यों के आधार और उसकी गवाही का हवाला देते हुए जांच शुरू कर दी है। यश ने आखिरी बार IPL 2025 में बेंगलुरु के लिए खेला था। उन्होंने अपनी टीप की पहली IPL खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। अधिकारियों ने बताया कि कानूनी कार्यवाही जारी है। दयाल की गिरफ्तारी भी हो सकती है। पुलिस ने सोमवार को शिकायत के बाद FIR दर्ज की। पीड़िता गाजियाबाद के इंदिरापुरम की रहने वाली है।