Shubman Gill: भारत के यंग ब्रिगेड ने इंग्लैंड दौरे पर कमाल का प्रदर्शन किया। युवा कप्तान शुभमन गिल के लिए ये दौरा तो सपनों के सच करने जैसा रहा। कप्तानी के अपने पहले टेस्ट में शुभमन गिल हर मोर्चे पर खरे उतरे। एक तरह उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने सीरीज को दो-दो के बराबरी पर रोका तो वहीं गिल ने इस सीरीज में रनों का अंबार लगाया। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाकर मेन ऑफ द सीरीज का खिताब अपने नाम किया।
बता दें कि इस सीरीज से पहले उनका टेस्ट औसत करीब 30 था और खराब रिकॉर्ड की वजह से उनकी टेस्ट कप्तानी पर सवाल उठ रहे थे। लेकिन दौरे में गिल ने 10 पारियों में 75.4 की शानदार औसत से 745 रन बनाए और अपने टेस्ट औसत को बढ़ाकर 41.35 कर दिया।
युवराज सिंह ने कही ये बात
वहीं इंग्लैंड सीरीज में गिल के शानदार प्रदर्शन पर उनके मेंटर और पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने बड़ा खुलासा किया है। युवराज ने आईसीसी से कहा, "गिल के विदेशी प्रदर्शन पर कई सवाल थे, लेकिन उन्होंने कप्तान बनकर चार टेस्ट शतक लगाए। यह दिखाता है कि जब आपको जिम्मेदारी मिलती है, तो आप उसे कैसे निभाते हैं।" ओवल में खेले गए पांचवें टेस्ट में भारत ने छह रन से जीत दर्ज की और गिल को प्लेयर-ऑफ-द-सीरीज़ चुना गया। युवराज के मुताबिक, 2-2 का नतीजा भी जीत जैसा है।
टीम इंडिया का शानदार प्रदर्शन
युवराज ने कहा, "मुझे गिल पर बहुत गर्व है। मेरे हिसाब से यह हमारी जीत है, भले ही सीरीज ड्रॉ रही हो, क्योंकि टीम युवा है। इंग्लैंड में जाकर अच्छा खेलना और खुद को साबित करना आसान नहीं होता।" दो बार के विश्व कप विजेता युवराज, रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दो बड़े खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में भी टीम के शानदार प्रदर्शन से काफी प्रभावित हुए। बता दें कि रोहित शर्मा और विराट कोहली ने इंग्लैंड दौरे से पहले ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
युवराज ने कहा, "यह सच में काबिले तारीफ है, क्योंकि जब एक युवा टीम इंग्लैंड जाती है, तो उस पर बहुत दबाव होता है। विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ियों की जगह लेना आसान नहीं है। लेकिन मुझे लगता है, टीम के खिलाड़ियों ने इस चुनौती का डटकर सामना किया।"
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।