Neeraj Chopra : भारत के सुपरस्टार खिलाड़ियों में शुमार और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा को एक बड़ा सम्मान मिला है। भारत के स्टार जैवलिन प्लेयर नीजर चोपड़ा को ये सम्मान भारतीय सेना की ओर से मिला है। बता दें कि ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा को टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की ऑनररी रैंक से सम्मानित किया गया है। इस बात की जानकारी खुद डिफेंस मिनिस्ट्री ने दी है। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी एक नोटिफिकेशन में बताया गया है कि, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नीरज चोपड़ा को इस रैंक से सम्मानित करने का फैसला किया है।
नीरज को मिला ये बड़ा सम्मान
बता दें कि टोक्यो ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा पहले से भारतीय सेना में सूबेदार मेजर के पद पर तैनात हैं। वहीं अब उन्ंहें टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की ऑनररी रैंक से सम्मानित किया गया है। भारत सरकार के आधिकारिक दस्तावेज 'द गजट ऑफ इंडिया' में 9 मई को प्रकाशित आदेश में दी गई, जिसमें बताया गया कि यह सम्मान 16 अप्रैल 2025 से प्रभावी माना जाएगा।
सैन्य मामलों के विभाग की तरफ से मेजर जनरल जीएस चौधरी ने बताया कि, राष्ट्रपति ने प्रादेशिक सेना नियम 1948 के तहत नीरज चोपड़ा को 16 अप्रैल 2025 से लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि देने की मंजूरी दी है। यह सम्मान उन्हें उनके गांव खंडरा, पानीपत (हरियाणा) के पते के साथ 9 मई 2025 के सरकारी आदेश के तहत दिया गया है। नीरज चोपड़ा ने 26 अगस्त 2016 को भारतीय सेना में जूनियर कमीशंड ऑफिसर के रूप में भर्ती होकर नायब सूबेदार का पद संभाला था।
ट्रैक और फिल्ड में फिर दिखेंगे नीरज
नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में ट्रैक और फील्ड इवेंट में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता था। हालांकि पेरिस ओलंपिक में उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। नीरज ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी देश को गौरव दिलाया है – वे 2023 में इस प्रतियोगिता में गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय बने, जबकि इससे पहले के संस्करण में उन्होंने सिल्वर मेडल जीता था। नीरज चोपड़ा अब 23 मई को पोलैंड के चोरज़ोव में होने वाले 71वें ओरलेन जानूस कुसिंस्की मेमोरियल इवेंट में हिस्सा लेंगे, क्योंकि बेंगलुरु में 24 मई को होने वाला एनसी क्लासिक इवेंट टल गया है। इस इवेंट की मेजबानी खुद नीरज करने वाले थे और इसमें कई अंतरराष्ट्रीय और भारतीय खिलाड़ी भी हिस्सा लेने वाले थे, लेकिन भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े सैन्य तनाव की वजह से इसे स्थगित कर दिया गया है।