ChatGPT Go India: भारत की तेजी से बढ़ती AI कम्युनिटी के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने के लिए, OpenAI ने मंगलवार, 28 अक्टूबर को घोषणा की कि वह 4 नवंबर से साइन अप करने वाले किसी भी भारतीय यूजर्स के लिए ChatGPT Go को पूरे एक साल के लिए फ्री कर रहा है। यह घोषणा 4 नवंबर को बेंगलुरु में कंपनी के पहले DevDay Exchange इवेंट के दौरान की गई। यह उपलब्धि दिखाता है कि भारत ChatGPT के सबसे बड़े बाजारों में से एक बन गया है।
इस साल की शुरुआत में लॉन्च किया गया ChatGPT Go, एक मिड लेवल सब्सक्रिप्शन है जिसे रोजाना के यूजर्स को OpenAI के एडवांस टूल्स तक किफायती दामों पर ज्यादा पहुंच प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह प्लान नए और सबसे एडवांस AI मॉडल GPT-5 पर आधारित है। इसके तहत यूजर्स को ज्यादा मैसेज भेजने की लिमिट, हर दिन ज्यादा इमेज बनाने की सुविधा, फाइल और इमेज अपलोड करने की बेहतर क्षमता, और लंबी मेमोरी मिलती है, जिससे बातचीत पहले से ज्यादा पर्सनल और स्मूथ बन जाती है।
यह प्लान भारत में अगस्त में लॉन्च किया गया था, जब स्थानीय यूजर्स ने कम दाम में प्रीमियम ChatGPT फीचर्स का इस्तेमाल करने की मांग की थी। OpenAI के लिए यह रणनीति कारगर रही, क्योंकि पहले ही महीने में भारत में भुगतान करने वाले ChatGPT ग्राहकों की संख्या दोगुनी से भी ज्यादा हो गई। इस सफलता के बाद कंपनी ने ChatGPT Go को दुनिया के लगभग 90 देशों में शुरू करने का फैसला किया।
हालांकि, भारत इस मामले में एक अलग पहचान रखता है, क्योंकि यह अब ChatGPT का दूसरा सबसे बड़ा बाजार है, जहां स्टूडेंट्स से लेकर प्रोफेशनल्स और डेवलपर्स तक, लाखों यूजर्स रोजाना इसका इस्तेमाल करते रहते हैं। ये यूजर्स क्रिएटिविटी, रिसर्च और प्रोडक्टिविटी जैसे कामों में AI को अपना रहे हैं।
कंपनी ने कहा कि यह नया प्रस्ताव उसके 'India First' अप्रोच के अनुरूप है, और IndiaAI मिशन के साथ भी मेल खाता है- जो कि एक राष्ट्रीय पहल है, जिसका मकसद देश में AI से जुड़ी क्षमता और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना है। OpenAI, AI तकनीकों तक पहुंच को आसान बनाने और समावेशी नवाचार को बढ़ावा देने में मदद के लिए सिविल सोसाइटी ग्रुप्स, एजुकेशनल प्लेटफॉर्म्स और सरकारी कार्यक्रमों के साथ भी सहयोग कर रहा है।
कंपनी के अनुसार, इन साझेदारियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एआई साक्षरता और इसे अपनाने की प्रक्रिया महानगरों से आगे बढ़कर भारत के व्यापक डिजिटल इकोसिस्टम तक पहुंचे।
OpenAI के वाइस प्रेसिडेंट और ChatGPT के हेड निक टर्ली ने कहा कि यह कदम यह कदम उस बेहतरीन क्रिएटिविटी और तेजी से अपनाने की भावना पर आधारित है, जो कंपनी ने ChatGPT के शुरुआती लॉन्च के बाद से देखी है। टर्ली ने कहा, "भारत में हमारे पहले DevDay Exchange कार्यक्रम से पहले, हम ChatGPT GO को एक साल के लिए फ्री में उपलब्ध करा रहे हैं, ताकि भारत भर में ज्यादा से ज्यादा लोग एडवांस AI तक आसानी से पहुंच सकें और उसका लाभ उठा सकें। हम यह देखने के लिए उत्साहित हैं कि हमारे यूजर्स इन डिवाइसों के साथ क्या अद्भुत चीजें बनाएंगे, सीखेंगे और हासिल करेंगे।"
भारत में मौजूदा ChatGPT GO ग्राहक भी 12 महीने की फ्री पीरियड के लिए पात्र होंगे। इससे जुड़ी अधिक जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी।