Schengen Visa: अगर आप यूरोप घूमने का प्लान बना रहे हैं तो ये खबर आपके लिए काम की है। भारतीयों के लिए अब शेनजेन वीजा लेना पहले से महंगा हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वीएफएस ग्लोबल ने अपनी सर्विस फीस बढ़ा दी है। इस वजह से आपका यूरोप घूमने का बजट और भारी पड़ सकता है। यूरोपीय देशों के वीजा प्रोसेस करने वाली एजेंसी वीएफएस ग्लोबल ने पिछले महीने अपनी सर्विस फीस बढ़ाई है। साल 2023 के बाद ये पहली बढ़ोतरी है। ये बदलाव ऐसे वक्त में हुआ है जब ज्यादातर भारतीय गर्मियों और साल के अंत में यूरोप यात्रा की तैयारी करते हैं।
द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोट के मुताबिक, वीएफएस ग्लोबल की नई सर्विस फीस देश के हिसाब से अलग-अलग तय की गई हैं। अब जर्मनी 1,933 रुपये, स्विट्जरलैंड 2,690 रुपये, पुर्तगाल 3,111 रुपये, फ्रांस 2,234 रुपये और ऑस्ट्रिया 2,274 रुपए लेता है। इसके अलावा, उपयोगकर्ता कूरियर डिलीवरी, एसएमएस अपडेट और प्रीमियम लाउंज जैसी अतिरिक्त सेवाओं के लिए अलग से भुगतान कर सकते हैं, जिनकी कीमत देश के अनुसार बदलती है। एडल्ट के लिए शेनजेन वीजा की कीमत अब भी करीब 8 से 10 हजार रुपये है, लेकिन इसके साथ वीएफएस का अनिवार्य सेवा शुल्क अलग से देना पड़ता है। वीएफएस ग्लोबल ने स्विट्जरलैंड के शेंगेन वीजा आवेदन शुल्क बढ़ने की जानकारी दी है, लेकिन यह नहीं बताया कि क्या अन्य देशों के लिए भी सेवा शुल्क बढ़ा है।
शेनजेन वीजा से यात्री 180 दिनों में 29 यूरोपीय देशों में कुल 90 दिन तक यात्रा कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें यात्रा योजना, इंश्योरेंस और फाइनेंशियल प्रूफ जैसे डाक्युमेंट देने होते हैं। अब ज्यादातर दूतावास सीधे आवेदन नहीं लेते, इसलिए वीएफएस ग्लोबल की सेवाओं का इस्तेमाल करना जरूरी होता है, जिससे सेवा शुल्क देना अनिवार्य हो जाता है।