₹500 करोड़ का मालिक, फिर भी पहनता है ₹10 हजार की नकली Rolex! वजह सुनकर रह जाएंगे हैरान

दिल्ली के एक बिजनेसमैन की मुलाकात एक ऐसे करोड़पति कारोबारी से हुई, जिसकी कलाई पर नजर आते ही एक लग्जरी Rolex घड़ी ने उनका ध्यान खींच लिया। लेकिन जब उस घड़ी की असली सच्चाई सामने आई, तो वह हैरान रह गए। इस घटना ने लग्जरी, दिखावे और पैसे को लेकर नई बहस छेड़ दी

अपडेटेड Aug 06, 2026 पर 4:27 PM
उद्यमी रोहन धवन ने LinkedIn पर इस अनुभव को साझा किया।

दिल्ली के एक बिजनेसमैन की मुलाकात एक ऐसे कारोबारी से हुई, जिसने उनकी सोच को बदलकर रख दिया। करोड़ों की संपत्ति रखने वाले इस शख्स की कलाई पर नजर पड़ी तो वहां एक बेहद महंगी Rolex जैसी दिखने वाली घड़ी थी। पहली नजर में सबकुछ वैसा ही लगा, जैसा किसी बड़े बिजनेसमैन की जिंदगी में होता है। लेकिन बातचीत के दौरान जब उस घड़ी की असली कहानी सामने आई, तो उद्यमी भी हैरान रह गए।

यह मामला सिर्फ एक घड़ी का नहीं, बल्कि दिखावे, लग्जरी और लोगों की सोच से जुड़ा सवाल बन गया। आखिर करोड़ों के मालिक ने लाखों की असली घड़ी खरीदने के बजाय ऐसा विकल्प क्यों चुना? उनकी वजह ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है।

Rolex जैसी दिखने वाली घड़ी निकली फर्स्ट कॉपी


बिजनेसमैन रोहन धवन ने LinkedIn पर इस अनुभव को साझा किया। उन्होंने बताया कि वह बिजनेसमैन जो घड़ी पहन रहा था, वह देखने में Rolex Daytona जैसी लग रही थी, जिसकी असली कीमत 25 लाख रुपये से ज्यादा हो सकती है। लेकिन बातचीत के दौरान कारोबारी ने बताया कि वह असली Rolex नहीं बल्कि एक फर्स्ट कॉपी घड़ी पहन रहे थे, जिसे उन्होंने सिर्फ 10 हजार रुपये में खरीदा था।

'जब कोई शक ही नहीं करता, तो असली क्यों खरीदूं?'

बिजनेसमैन ने अपनी सोच बताते हुए कहा कि उनके स्तर पर लोग आमतौर पर यह सवाल नहीं उठाते कि घड़ी असली है या नकली। उनके लिए घड़ी का काम समय दिखाना और देखने में अच्छी लगना है। उन्होंने कहा कि जब वही घड़ी तारीफ दिला रही है और कोई उसकी जांच नहीं कर रहा, तो लाखों रुपये खर्च करने की जरूरत क्यों महसूस होनी चाहिए।

जवाब सुनकर उद्यमी भी पड़ गए सोच में

रोहन धवन ने माना कि इस जवाब ने उन्हें उलझन में डाल दिया। वह इस सोच से पूरी तरह सहमत नहीं थे, लेकिन इसे पूरी तरह गलत भी नहीं कह पाए। उन्होंने बताया कि कई बार किसी चीज की कीमत से ज्यादा मायने रखता है कि उसे पहनने वाला व्यक्ति कौन है। समाज में लोगों का नजरिया भी व्यक्ति की पहचान और प्रतिष्ठा के आधार पर बदल जाता है।

क्या लक्जरी चीजों की कीमत ब्रांड से तय होती है या पहचान से?

रोहन ने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई आम व्यक्ति महंगे ब्रांड के जूते पहने, तो लोग उस पर शक कर सकते हैं कि वह नकली होंगे। वहीं, करोड़ों की संपत्ति रखने वाला व्यक्ति वही चीज पहने तो लोग सवाल नहीं उठाते। यही अंतर इस पूरी चर्चा का सबसे बड़ा मुद्दा बन गया क्या लग्जरी का मतलब सिर्फ असली ब्रांड खरीदना है या फिर उससे जुड़ी सामाजिक छवि भी मायने रखती है?

सोशल मीडिया पर छिड़ी असली बनाम दिखावे की बहस

इस पोस्ट के बाद कई लोगों ने अपनी राय रखी। कुछ यूजर्स ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति का उद्देश्य सिर्फ दिखावा है, तो नकली चीज भी उसका काम कर सकती है। वहीं कुछ लोगों का मानना था कि असली लक्जरी वह है, जिसे इंसान खुद की खुशी के लिए खरीदे, न कि दूसरों की प्रतिक्रिया के लिए। एक यूजर ने उदाहरण देते हुए कहा कि Bill Gates जैसे अमीर लोग भी साधारण घड़ियां पहनते हैं, क्योंकि उनकी पहचान किसी महंगे सामान की मोहताज नहीं होती।

आखिर लक्जरी है क्या?

इस पूरी कहानी ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है, क्या महंगी चीजें इंसान की हैसियत दिखाती हैं या इंसान की हैसियत ही चीजों को खास बना देती है? एक करोड़पति कारोबारी की 10 हजार रुपये की घड़ी ने इसी सोच पर नई बहस शुरू कर दी है।

Video: अस्पताल पहुंचने से पहले बाइक पर गूंजी किलकारी! महिला ने रास्ते में दिया बच्चे को जन्म, वीडियो हुआ वायरल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।