देश के कई छात्र विदेश में जाकर पढ़ने का सपना देखते हैं। वहीं छात्रों के मन में सबसे बड़ा सवाल वहां रहने के खर्च को लेकर होता है। इसी बीच अमेरिका में रह रही एक भारतीय छात्रा ने अपने महीने के खर्चों का पूरा हिसाब सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसमें महिला ने किराया, खाने-पीने, बिजली के बिल और पर्सनल एक्सपेंस पर हर महीने लगने वाले खर्च के बारे में बताती है। महिला हर महीने करीब 1,100 से 1,200 डॉलर (Rs 1.02 लाख-Rs 1.11 लाख) खर्च करती है। आइए जानते हैं किन चीजों पर होता है कितना खर्च
शेयर किया खर्चें का वीडियो
सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए कशिश हुंडलानी ने अमेरिका में रहने के अपने खर्चों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह पिछले एक साल से अमेरिका में रह रही थीं। कई लोगों ने उनसे वहां रहने और हर महीने होने वाले खर्च के बारे में पूछा था। इसी को देखते हुए उन्होंने अपने महीने के खर्चों का पूरा हिसाब सोशल मीडिया पर शेयर किया। छात्रा के मुताबिक, उसे हर महीने किराया, बिजली-पानी, खाने-पीने का सामान और निजी जरूरतों पर करीब 1,100 से 1,200 डॉलर खर्च करने पड़ते हैं। भारतीय रुपये में यह रकम लगभग 1.02 लाख से 1.11 लाख रुपये के बराबर है।
किराए पर होता है सबसे ज्यादा खर्च
छात्रा के हर महीने के बजट में सबसे ज्यादा खर्च घर के किराए पर होता है। वह एक बेडरूम वाले अपार्टमेंट में रहने के लिए करीब 750 डॉलर यानी लगभग 69,563 रुपये किराया देती है। इसके अलावा वाई-फाई, मोबाइल सिम और बिजली के बिल पर हर महीने करीब 50 डॉलर यानी 4,638 रुपये खर्च होते हैं। उसने बताया कि उसका बिजली और दूसरे बिलों का खर्च कम रहता है, क्योंकि घर को गर्म रखने की सुविधा का पैसा किराए में ही शामिल है।
खाने पर कितना करती है खर्च
खाने-पीने और किराने के सामान पर भी छात्रा का हर महीने खर्च होता है। उसने बताया कि अभी उसे खाना बनाना पूरी तरह नहीं आता और वह अक्सर बाहर से खाना मंगवाती है। इस वजह से उसका महीने का राशन और किराने का खर्च करीब 150 से 200 डॉलर यानी 13,913 से 18,550 रुपये के बीच रहता है। वहीं, जो लोग घर पर खाना बनाते हैं, उनका किराने का खर्च हर महीने 250 से 300 डॉलर यानी करीब 23,188 से 27,825 रुपये तक हो सकता है।
महीने में करती है कितना खर्च
इसके अलावा बाहर से खाना मंगवाने, कपड़े खरीदने और स्किनकेयर सहित पर्सनल खर्च से जुड़े सामान पर भी छात्रा हर महीने करीब 150 से 200 डॉलर यानी 13,913 से 18,550 रुपये खर्च करती है। इन सभी खर्चों को मिलाकर उसका महीने का कुल बजट करीब 1,100 से 1,200 डॉलर यानी 1.02 लाख से 1.11 लाख रुपये तक पहुंच जाता है।
अलग-अलग होता शहरों का हिसाब
छात्रा ने बताया कि, अमेरिका के अलग-अलग शहरों में रहने का खर्च भी अलग होता है। उनके मुताबिक, विस्कॉन्सिन का मैडिसन शहर काफी सस्ता है, जहां वह कम पैसों में अपने सभी खर्च आसानी से पूरे कर लेती हैं। वहीं, न्यूयॉर्क जैसे महंगे शहर में 1,200 डॉलर यानी करीब 1.11 लाख रुपये में घर का किराया और बाकी जरूरी खर्च चलाना भी काफी मुश्किल हो सकता है।
छात्रा के खर्चों का खुलासा होने के बाद अमेरिका में रहने के खर्च को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कुछ लोगों का मानना है कि इतने पैसों में गुजारा हो सकता है, जबकि खर्च शहर और रहन-सहन पर निर्भर करता है।