सफेद कार नहीं तो सड़क पर नो एंट्री, इस शहर का अजीब कानून!

तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अश्गाबात को दुनिया भर में सफेद संगमरमर से बने चमकदार शहर के रूप में पहचाना जाता है। यहां साल 2018 से सड़कों पर केवल सफेद रंग की कारों को ही अनुमति है। अनोखे नियम, भव्य संगमरमर की इमारतें और एक जैसी सफेद थीम इसे दुनिया के सबसे खास और अलग शहरों में शामिल करती हैं

अपडेटेड Feb 07, 2026 पर 11:23 AM
Story continues below Advertisement
तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अश्गाबात को दुनिया भर में सफेद संगमरमर से बने चमकदार शहर के रूप में पहचाना जाता है। यहां साल 2018 से सड़कों पर केवल सफेद रंग की कारों को ही अनुमति है। अनोखे नियम, भव्य संगमरमर की इमारतें और एक जैसी सफेद थीम इसे दुनिया के सबसे खास और अलग शहरों में शामिल करती हैं

दुनिया में घूमने लायक जगहों की कोई कमी नहीं है। कहीं प्राकृतिक सुंदरता लोगों को आकर्षित करती है, तो कहीं ऐतिहासिक इमारतें और संस्कृति अपनी ओर खींच लेती हैं। लेकिन कुछ शहर ऐसे भी होते हैं, जो अपनी खूबसूरती से ज्यादा अपने अजीब और हैरान कर देने वाले नियमों के लिए जाने जाते हैं। इन जगहों के कानून इतने अलग होते हैं कि पहली बार सुनने में ही लोग चौंक जाते हैं। ऐसा ही एक अनोखा शहर है, जहां कार खरीदना एक सामान्य फैसला नहीं होता। यहां लोग गाड़ी लेते वक्त उसके फीचर्स या ब्रांड से पहले उसके रंग पर ध्यान देते हैं।

वजह यह है कि इस शहर की सड़कों पर केवल एक खास रंग की कारों को ही चलने की इजाजत है। ये नियम न सिर्फ ट्रैफिक को अलग पहचान देता है, बल्कि पूरे शहर की तस्वीर ही बदल देता है। इस अनोखे कानून ने इस शहर को दुनिया के सबसे चर्चित और दिलचस्प शहरों में शामिल कर दिया है।

सफेद संगमरमर से सजा चमकता शहर


इस देश की राजधानी को दुनिया ‘व्हाइट मार्बल सिटी’ के नाम से जानती है। यहां की इमारतें, सरकारी दफ्तर, सड़कें और सार्वजनिक जगहें तक सफेद संगमरमर से बनी हैं। सूरज की रोशनी पड़ते ही पूरा शहर दूधिया रोशनी में नहाया हुआ नजर आता है। दिन हो या रात, शहर की चमक बरकरार रहती है।

गिनीज रिकॉर्ड में दर्ज संगमरमर का जादू

ये शहर अपनी खूबसूरती के साथ-साथ दुनिया के सबसे महंगे शहरों में भी शामिल है। यहां संगमरमर की इमारतों की संख्या इतनी ज्यादा है कि इसका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। साल 2000 के बाद बड़े पैमाने पर पुनर्निर्माण हुआ और सैकड़ों नई इमारतें इसी सफेद थीम पर बनाई गईं। तेज रोशनी के कारण यहां लोग अक्सर धूप का चश्मा लगाए नजर आते हैं।

2018 में लागू हुआ सफेद कारों का अनोखा नियम

तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अश्गाबात में साल 2018 से एक अनोखा नियम लागू है। तत्कालीन राष्ट्रपति गुरबांगुली बर्दीमुहामेदोव के आदेश पर तय किया गया कि शहर में सिर्फ सफेद या हल्के रंग की कारें ही चलेंगी। बताया जाता है कि सफेद रंग उनकी खास पसंद था, जो बाद में सरकारी नियम बन गया। रंगीन या काली कार मिलने पर पुलिस कार्रवाई और भारी जुर्माना तय है।

एक रंग ने बदल दी शहर की पहचान

अश्गाबात में सिर्फ गाड़ियां ही नहीं, बल्कि सरकारी इमारतें, पार्क, मॉल और सार्वजनिक कलाकृतियां भी सफेद रंग में नजर आती हैं। पूरे शहर का डिजाइन इसी एक रंग के इर्द-गिर्द घूमता है। यही अनोखापन इसे दुनिया के बाकी शहरों से अलग बनाता है और पर्यटकों के लिए खास आकर्षण भी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।