दिल्ली की एक रिहायशी सोसाइटी का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में एक कपल पार्किंग एरिया में एक-दूसरे के करीब नजर आ रहा है, जिसे एक महिला ने रिकॉर्ड कर ऑनलाइन शेयर कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की राय अलग-अलग हो गई है। कुछ लोग सार्वजनिक जगहों पर व्यवहार को लेकर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कई यूजर्स का मानना है कि किसी की निजी जिंदगी को बिना अनुमति रिकॉर्ड कर सार्वजनिक करना ज्यादा गंभीर मुद्दा है।
इस पूरे मामले ने सोशल मीडिया पर प्राइवेसी, मॉरल पुलिसिंग और बदलते सामाजिक नजरिए को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। लोग अब यह चर्चा कर रहे हैं कि सार्वजनिक स्थानों पर व्यक्तिगत आजादी और दूसरों की निजता के बीच संतुलन कैसे बनाया जाए।
बेटी को स्कूल छोड़ने गई महिला ने बनाया वीडियो
X यूजर संजू गोयल ने 73 सेकंड का एक वीडियो शेयर किया, जो कथित तौर पर घटना के दो दिन बाद पोस्ट किया गया था। वीडियो में एक युवा कपल सोसाइटी के पार्किंग एरिया में एक-दूसरे को गले लगाते और किस करते नजर आ रहा है। वीडियो शेयर करते हुए गोयल ने लिखा कि वह सुबह अपनी बेटी को स्कूल बस तक छोड़ने गई थीं, तभी उनकी नजर इस घटना पर पड़ी। उन्होंने कहा कि काफी सोचने के बाद उन्होंने वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने का फैसला किया।
सोशल मीडिया पर दो गुटों में बंटी राय
वीडियो वायरल होते ही इंटरनेट पर बहस तेज हो गई। कुछ यूजर्स ने महिला के नजरिए का समर्थन किया और कहा कि युवाओं को अपनी सीमाओं का ध्यान रखना चाहिए। एक यूजर ने लिखा कि बदलते समय में बच्चों और युवाओं पर नजर रखना जरूरी है और पढ़ाई की उम्र में ऐसी चीजों से बचना चाहिए।
'गलती कपल की नहीं, वीडियो बनाने वाले की है'
वहीं, कई लोगों ने महिला की आलोचना करते हुए कहा कि किसी की निजी जिंदगी को बिना अनुमति रिकॉर्ड कर इंटरनेट पर डालना गलत है। कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि अगर कपल ने कोई अपराध नहीं किया, तो उनका वीडियो बनाकर सार्वजनिक करने का अधिकार किसी को कैसे मिल सकता है।एक यूजर ने लिखा कि बिना सहमति वीडियो रिकॉर्ड करना और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करना निजता का उल्लंघन है।
प्राइवेसी को लेकर उठे सवाल
कई लोगों ने कहा कि अगर महिला को कपल का व्यवहार गलत लगा था, तो वह उन्हें समझा सकती थीं। लेकिन वीडियो बनाकर सार्वजनिक करना उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकता है। यूजर्स ने यह भी कहा कि किसी की निजी जिंदगी को ऑनलाइन चर्चा का विषय बनाना सही तरीका नहीं है।
मोरल पुलिसिंग पर भी छिड़ी बहस
कुछ लोगों ने इस पूरे मामले को समाज में बढ़ती मॉरल पुलिसिंग से जोड़ दिया। उनका कहना था कि लोग छोटी-छोटी बातों पर दूसरों की निजी जिंदगी में दखल देते हैं, जबकि गंभीर सामाजिक मुद्दों पर उतनी सक्रियता नहीं दिखाते। एक यूजर ने तंज करते हुए लिखा कि समाज को दूसरों के रिश्तों पर नजर रखने के बजाय अपनी सोच पर ध्यान देना चाहिए।
वायरल वीडियो ने खड़ा किया बड़ा सवाल
इस घटना ने एक बार फिर यह बहस छेड़ दी है कि सार्वजनिक जगहों पर व्यवहार की सीमा क्या होनी चाहिए और किसी की निजता का सम्मान कहां तक जरूरी है। सोशल मीडिया पर लोग अब भी इस बात पर बंटे हुए हैं कि इस मामले में ज्यादा बड़ा मुद्दा सार्वजनिक व्यवहार है या बिना सहमति वीडियो शेयर करना।