Covid-19 cases in India News Updates: भारत में बुधवार (4 जून) को कोरोना वायरस (कोविड-19) के मामलों में भारी उछाल देखने को मिला है। पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 276 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देशभर में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 4,302 हो गई है। वहीं, पिछले 24 घंटे में सात कोविड-19 मरीजों की मौत हो गई है। कोरोना के केस में भारी उछाल ने स्वास्थ्य अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है। कोविड-19 की संख्या में खास तौर पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, केरल के बाद महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली कोविड-19 से सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में शामिल हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार (4 जून) को बताया कि पिछले 24 घंटों में एक्टिव कोविड-19 मामले 276 बढ़कर 4,302 हो गए हैं। इनमें से 3,281 को छुट्टी दे दी गई। कोविड-19 से संक्रमित सात लोगों की मौत हो गई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पश्चिम बंगाल में 60 नए मामले सामने आए हैं। जबकि उत्तर प्रदेश और दिल्ली में क्रमशः 63 और 64 मामले सामने आए हैं। एक दिन पहलेभारत में कोविड-19 के मामले 65 नए संक्रमणों के साथ 4,026 हो गए थे। इसी अवधि में दिल्ली में 47 और केरल में 35 नए मामले सामने आए। स्वास्थ्य अधिकारी स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। हालांकि अस्पताल में भर्ती होने की दर अभी भी कम है।
इस साल जनवरी के बाद से देश में कोविड-19 से अब तक कम से कम 44 लोगों के मरने की सूचना है। देश में 22 मई को एक्टिव मरीजों की संख्या 257 थी और 31 मई तक यह संख्या बढ़कर 3,395 हो गई। इसके बाद एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 4,026 हो गई। 22 मई से एक्टिव मामलों की संख्या 257 से बढ़कर 4,000 से अधिक हो गई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों से पता चला है कि केरल सबसे अधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है, उसके बाद महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली का स्थान है।
सात मृतकों में से तीन युवा वयस्क थे जिनकी उम्र 22 से 27 वर्ष के बीच थी। महाराष्ट्र में चार और तमिलनाडु और दिल्ली में एक-एक मौत हुई है। वर्तमान में केरल में 1,446 एक्टिव मरीज हैं जो देश में सबसे अधिक है। इसके बाद महाराष्ट्र में 494, गुजरात में 397 और दिल्ली 393 एक्टिव मरीज हैं। आधिकारिक सूत्रों ने 31 मई को बताया था कि भारत में कोविड-19 की स्थिति की करीब से निगरानी की जा रही है। मंत्रालय ने जोर दिया कि संक्रमण की गंभीरता कम है और अधिकतर मरीज घर पर इलाज करा रहे हैं। चिंता की कोई बात नहीं है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने सोमवार को कहा कि पश्चिम और दक्षिण भारत में वायरस के सैंपल के जीनोम अनुक्रमण से पता चला है कि वर्तमान में वायरस के जिस वेरिएंट के कारण मामलों में वृद्धि हुई है वह गंभीर नहीं है। यह वायरस के ओमीक्रोन का नया वेरिएंट है।
उन्होंने कहा कि वायरस के जिन चार नए वेरिएंट का पता चला है वे एलएफ.7, एक्सएफजी, जेएन.1 और एनबी.1.8.1 हैं। ये सभी ओमीक्रोन वेरिएंट से उत्पन्न हुए हैं। वायरस के एलएफ.7, एक्सएफजी, जेएन.1 स्वरूप से संक्रमण के मामले अधिक हैं। डॉ. बहल ने कहा, "हम स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं। इस वक्त हमें निगरानी रखने के साथ ही सतर्कता बरतनी चाहिए। हालांकि, चिंता की कोई बात नहीं है।"