शादी जिंदगी में एक ही बार की जाती है। इसलिए लोग अपनी शादी के ड्रेस, वेन्यू और मेन्यू हर एक छोटी से छोटी चीज को भी परफेक्ट बनाने की कोशिश करते हैं। इसी का नतीजा है डेस्टिनेशन वेडिंग का क्रेज, जो लोगों में खूब देखने को मिलता है। लेकिन लंदन में रहने वाले एक भारतीय जोड़े ने इस मामले में ऐसा कारनामा किया है, जिसकी पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है। इन्होंने दुनिया की सबसे पवित्र और संरक्षित विरासत में सात फेरे लिए और साथ जीने-मरने की कस्में खाईं। ये भारतीय दंपति हैं डॉ. मोनिका नैयर और विवेक नंदा। इन दोनों ने मिस्र में गीजा के पिरामिडों के बीच एक निजी शादी समारोह आयोजित कर इतिहास रच दिया है। गीजा के ग्रेट पिरामिड के बीच एक प्राइवेट शादी समारोह आयोजित करने की दुर्लभ अनुमति मिलने के बाद, ऐसा करने वाले वे पहले भारतीय और दुनिया भर में तीसरे जोड़े बन गए हैं।
