कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाने वाला धनतेरस हिंदू परंपरा में समृद्धि, सौभाग्य और स्वास्थ्य का प्रतीक माना जाता है। ये दिन दीपावली महापर्व की शुरुआत का संकेत देता है। इस वर्ष धनतेरस आज, 18 अक्टूबर 2025 को मनाया जा रहा है, जब पूरा देश मां लक्ष्मी और भगवान धन्वंतरि की पूजा में मग्न रहेगा। पौराणिक कथाओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान इसी दिन भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे, जिसके कारण इसे धनत्रयोदशी कहा जाता है। भगवान धन्वंतरि को आयुर्वेद का जनक और स्वास्थ्य का देवता माना जाता है, इसलिए ये दिन केवल धन-संपत्ति ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना से भी जुड़ा हुआ है। धनतेरस के दिन लोग अपने घरों की सफाई करते हैं, दीपक जलाते हैं और नए बर्तन, सोना-चांदी या कीमती वस्तुएं खरीदते हैं। ऐसा माना जाता है कि इस दिन की गई पूजा और खरीदारी घर में लक्ष्मी का आगमन और सकारात्मक ऊर्जा लाती है, साथ ही सुख-समृद्धि और खुशहाली को बढ़ाती है।