महाराष्ट्र में भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को बारिश से बड़ी राहत मिली है। महाराष्ट्र में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है, खासकर राज्य के पश्चिमी हिस्सों में जोरदार बारिश हो रही है। इससे कई बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। मौसम विभाग (IMD) ने पुणे से लेकर कोल्हापुर के घाट वाले इलाकों के लिए अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड की आशंका है।
पुणे में बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा। शहर और पिंपरी-चिंचवाड़ में करीब 60 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जहां पुणे शहर में बारिश रुक-रुक कर हो रही है, वहीं घाट वाले इलाकों में तेज और लगातार बारिश जारी है।
पुणे में हो रही लगातारा बारिश
पुणे में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर उन इलाकों में जहां लैंडस्लाइड का खतरा ज्यादा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत टीमें तैयार रखी गई हैं। बारिश का असर पुणे की पानी सप्लाई पर भी दिख रहा है। खडकवासला बांध से जुड़ी जल प्रणाली में पानी का स्तर तेजी से बढ़ा है। बीते 24 घंटे में खडकवासला में 18 मिमी, पानशेत में 25 मिमी, वरसगांव में 26 मिमी और टेमघर में 23 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस समय खडकवासला परियोजना में 5.25 टीएमसी पानी जमा है, जो पिछले साल इसी समय से 1.35 टीएमसी ज्यादा है।
लोनावाला में 24 घंटे में 143 मिमी बारिश
लोनावाला का मशहूर भुशी डैम इस बार तय समय से पहले ही ओवरफ्लो होने लगा है, जो पर्यटकों के लिए खुशी की खबर है। पिछले 24 घंटे में लोनावाला में 143 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस मानसून में अब तक इलाके में कुल 791 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि पिछले साल इसी वक्त तक सिर्फ 303 मिमी बारिश हुई थी। यानी इस बार 488 मिमी ज्यादा पानी बरस चुका है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। ठाणे और रत्नागिरी में भारी बारिश की चेतावनी के चलते रेड अलर्ट दिया गया है। वहीं मुंबई, पालघर, रायगढ़, सिंधुदुर्ग, धुले और नंदुरबार में ऑरेंज अलर्ट जारी है। नासिक, जलगांव और अहमदनगर में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
लगातार बारिश की वजह से वसई-विरार के कुछ निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। हालांकि मुंबई में लोकल ट्रेनें चल रही हैं, लेकिन सेंट्रल, वेस्टर्न और हार्बर रूट्स पर थोड़ी देरी हो रही है। आने वाले दिनों में मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।