Heavy Rain Alert: भारत के कई इलाके में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और लू के कहर से जूझ रहे थे। हालांकि आज से देश के कई राज्यों में बारिश देखने को मिली है जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली है। मानसून ने 27 मई को भारत में एंट्री ली थी उसके 20 दिनों में धीरे-धीरे देश एक कई हिस्सों में पहुंच रहा है। मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली एजेंसी स्काईमेट ने बताया है कि अब पूर्वी और मध्य भारत में मानसून के जोरदार तरीके से आगे बढ़ने के लिए सभी स्थितियां अनुकूल हैं। जल्द ही इन इलाकों में मानसूनी बारिश देखने को मिल सकती है।
धीमी शुरुआत के बाद पकड़ी रफ्तार
स्काईमेट के मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन के अध्यक्ष जी.पी. शर्मा के अनुसार, मानसून की धीमी और असमान शुरुआत के बाद इस सप्ताह के अंत तक पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और दिल्ली सहित कई और राज्यों में मानसूनी बारिश आगे बढ़ने की उम्मीद है। शर्मा ने बताया, 'आज जब मैं आपसे बात कर रहा हूं, तो कोलकाता में बारिश हो रही है।' कोलकाता में मानसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 10 जून है। एक सप्ताह की देरी के बावजूद, उन्होंने कहा कि अब पूर्वी भारत में बारिश तेज होने की उम्मीद है, जिसमें पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और यूपी और एमपी के पूर्वी हिस्सों में अगले कुछ दिनों में बारिश होने की संभावना है।
मानसून को अनुकूल मौसम प्रणालियों का मिल रहा समर्थन
मानसून की इस प्रगति को अनुकूल मौसम प्रणालियों का समर्थन मिल रहा है। शर्मा ने बताया कि गुजरात और बंगाल की खाड़ी दोनों तरफ कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो मानसून को अंदरूनी इलाकों में धकेलेगा। पिछले 20 दिनों से मानसून लगभग स्थिर था। हालांकि, उन्होंने कहा कि पश्चिमी तरफ इसकी अच्छी प्रगति हुई है। 'यह गुजरात के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया है, दक्षिण गुजरात कवर हो गया है, तटीय सौराष्ट्र जैसे वेरावल और भावनगर में भी मानसून पहुंच गया है।'
आपको बता दें कि, भारतीय मौसम विभाग(IMD) ने देश के कई हिस्सों में गरज के साथ भारी बारिश का अनुमान लगाया है। इसके तहत कई क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। 17 मई को दिल्ली, नोएडा, गुड़गाव सहित देश के कई हिस्सों में भारी बारिश देखने को मिली। आने वाले दिनों में मानसून के सक्रिय होने पर बारिश में बढ़ोतरी होने का अनुमान है।