Heavy Rain Alert : राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इस समय गर्मी का कहर जारी है। तेज धूप और उमस से लोगों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। भीषण गर्मी के कारण राजधानी में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी, बिहार, राजस्थान तक पारा लगातार ऊपर जा रहा। इस बीच मॉनसून को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।
दिल्ली में गर्मी से मिलेगी राहत
दिल्ली में लगातार चार दिनों तक भीषण गर्मी रहने के बाद शुक्रवार को तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गयी। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी करते हुए रविवार देर शाम को आंधी और बारिश का अनुमान जताया है। वहीं मानसून की बात करें तो मानसून अब 18 जून तक मध्य और पूर्वी भारत के बाकी हिस्सों और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ क्षेत्रों में पहुंच सकता है। वहीं दिल्ली में 19 जून से 22 जून के बीच इसके उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतर हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।
इल इलाकों में हो सकती है तेज बारिश
भारतीय मौसम विभाग ने 15 जून को केरल के कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां अगले 24 घंटों में बहुत तेज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा राज्य के कई अन्य हिस्सों में भी भारी बारिश और आंधी-तूफान की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। आईएमडी के मुताबिक, आने वाले सात दिनों में केरल और माहे के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 15 से 16 जून तक कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही 15 जून को केरल, माहे और लक्षद्वीप में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में भी बरस सकते हैं बादल
तमिलनाडु, पुडुचेरी, रायलसीमा और तेलंगाना में 15 से 17 जून के बीच कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना व कर्नाटक के अंदरूनी हिस्सों में 12 व 13 जून को आंधी आने की संभावना जताई गई है। 15 और 16 जून को कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में आंधी आने का अनुमान है। पूर्वोत्तर भारत में अगले सात दिनों तक कई जगहों पर बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 15 से 16 जून तक, जबकि दक्षिणी असम और मेघालय में 15 से 18 जून तक तेज बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 15 जून तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। लोगों को सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।