Viral Video: एक तकिए की कीमत 40 हजार रुपये! गर्दन के दर्द से परेशान भारतीय महिला ने जापान से खरीदा खास तकिया, जानें इसकी खासियत

Viral Video: जापान घूमने गईं एक भारतीय महिला ने बेहतर नींद और गर्दन के दर्द से राहत पाने के लिए करीब 40 हजार रुपये का खास तकिया खरीदा। लंबे समय तक लैपटॉप और फोन इस्तेमाल करने से उन्हें गर्दन में दर्द की परेशानी होने लगी थी। सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है

अपडेटेड Nov 06, 2026 पर 8:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इस स्टोर में हर व्यक्ति की जरूरत के हिसाब से तकिया तैयार किया जाता है

अक्सर लोग अच्छी नींद के लिए आरामदायक गद्दे और तकिए खरीदते हैं, लेकिन क्या कोई तकिए पर 40 हजार रुपये खर्च कर सकता है? जापान घूमने गईं भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट विपनदीप कौर ने अच्छी नींद और गर्दन के दर्द से राहत पाने के लिए करीब 40 हजार रुपये का खास तकिया खरीदा। सोशल मीडिया पर ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। उनके मुताबिक, इस तकिए से उन्हें रात में बेहतर नींद आएगी और गर्दन के दर्द से भी राहत मिलेगी। विपनदीप का कहा कि लंबे समय तक काम करने और लैपटॉप व फोन के ज्यादा इस्तेमाल की वजह से उनकी गर्दन में दर्द रहने लगा है। इसी परेशानी को दूर करने के लिए उन्होंने इतना महंगा तकिया खरीदा है।

जापान से खरीदा 40 हजार का तकिया

विपनदीप कौर ने ये खास तकिया जापान के मशहूर बेडिंग ब्रांड निशिकावा के निहोनबाशी स्थित एक पुराने स्टोर से खरीदा था। इस स्टोर का इतिहास करीब 400 साल पुराना है। उन्होंने 4 नवंबर को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर बताया कि, किस तरह इस तकिए को उनकी शारीरिक बनावट, सोने के तरीके और आराम की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया। यानी यह कोई आम तकिया नहीं, बल्कि उनकी जरूरत के हिसाब से खास तौर पर बनाया गया है।


व्यक्ति के हिसाब से तैयार होता है तकिया

विपनदीप के अनुसार, इस स्टोर में हर व्यक्ति की जरूरत के हिसाब से तकिया तैयार किया जाता है। इसके लिए सबसे पहले एक्सपर्ट्स ग्राहक की गर्दन की स्थिति की जांच करते हैं और उनके लिए सही कपड़े का चुनाव करते हैं। इसके बाद उन्हें अलग-अलग ऊंचाई वाले तकियों पर लेटकर देखने को कहा जाता है। इससे एक्सपर्ट ये समझते हैं कि व्यक्ति किस तरह सोता है और उसकी गर्दन को कितना सहारा चाहिए। इसी आधार पर उसके लिए सही ऊंचाई और आराम वाला तकिया चुना जाता है।

 

 
View this post on Instagram
 

A post shared by CA Vipandeep Kaur (@soultravel_vipan)

सोते समय मिले आराम

सभी जरूरी जांच और नाप लेने के बाद ग्राहक के लिए उनकी जरूरत के अनुसार तकिया तैयार किया जाता है। विपनदीप ने बताया कि इस तकिए के अंदर काले रंग के बिनचोटन चारकोल से बने छोटे-छोटे दाने भरे जाते हैं। ये दाने गर्दन को सही सहारा देने और सोते समय आराम बनाए रखने में मदद करते हैं। विपनदीप ने कहा, “मैंने पहले कभी अपनी नींद को इतनी गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन उम्र बढ़ने के साथ मेरी नींद की परेशानी भी बढ़ रही है। दिनभर लैपटॉप और मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से मेरी गर्दन पर भी बुरा असर पड़ा है। हालांकि, मुझे सोना बहुत पसंद है, इसलिए मेरे लिए इस तकिए पर पैसे खर्च करना एक अच्छा निवेश है।”

लोगों ने किया रिएक्ट

विपनदीप की इस खरीदारी पर इंस्टाग्राम यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने अच्छी नींद के लिए इतनी रकम खर्च करने के फैसले को सही बताया, जबकि कुछ को तकिए की कीमत काफी ज्यादा लगी। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “काश मेरे पास भी इतने पैसे होते!” वहीं, दूसरे यूजर ने कहा, “वाह, यह तकिया सच में अपनी कीमत वसूल करता है।” वहीं, एक तीसरे यूजर ने कमेंट में लिखा, “वह घर पहुंचते ही फोन बंद करने की आदत डालकर अपने पैसे बचा सकती थीं।”

(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।