IRS Daughter Murder: गला घोंटने से पहले रेप और बेरहमी से की पिटाई! आईआरएस की बेटी के शरीर पर मिले कई निशान, दिल्ली हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा

IRS Daughter Murder Case Update: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के एक हाई प्रोफाइल इलाके में बुधवार (23) को एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या के बाद उसके शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके दोनों हाथों और पैरों पर कई खरोंच के निशान एवं घाव पाए गए हैं। साथ ही नाक की हड्डी में फ्रैक्चर है। पीड़िता का गला घोंट दिए जाने का पता चला है

अपडेटेड Apr 23, 2026 पर 10:45 PM
Story continues below Advertisement
IRS Daughter Murder Case Update: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आईआरएस की बेटी का गला घोंटे जाने की पुष्टि हुई है

IRS Daughter Murder Case Update: दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके कैलाश हिल्स में हुई सनसनीखेज रेप-हत्याकांड की जांच में बेहद सनसनीखेज और चौका देने वाले खुलासे हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार (23 अप्रैल) को बताया कि आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की रेप के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले के आरोपी से पूछताछ में पता चला है कि वह ‘विकृत मानसिकता’ का शख्स है। वहीं, पीड़िता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि उसके शरीर पर लगी बाहरी चोटों से पता चलता है कि उसने हमलावर का पुरजोर विरोध किया था।

पुलिस ने बताया कि हत्या मामले की जांच से खुलासा हुआ है कि 19 वर्षीय आरोपी एक दूसरी चाबी का इस्तेमाल कर कैलाश हिल्स स्थित आवास में चुपके से घुसा और सीधे छत पर बने स्टडी रूम में गया। वहां उसने अपने पूर्व मालिक की बेटी पर कथित तौर पर हमला किया। इसके बाद बलात्कार किया और फिर उसके खून से लथपथ शरीर को घसीट कर नीचे ले गया। आरोपी पहले घर में घरेलू नौकर के तौर पर काम करता था।

दोनों के बीच हाथापाई हुई थी


AIIMS दिल्ली में फोरेंसिक मेडिसिन के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता के अनुसार, ऑटोप्सी रिपोर्ट के नतीजों से शरीर पर कई तरह की चोटों के निशान मिले हैं। इनसे पता चलता है कि मौत से पहले जोरदार हाथापाई हुई थी। डॉ. गुप्ता ने ANI को बताया कि बाहरी जांच में दोनों बांहों, हाथों और पैरों पर कई खरोंचें और रगड़ के निशान मिले हैं, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि पीड़िता ने बचाव के लिए संघर्ष किया था।

उन्होंने कहा, "बाहरी जांच में दोनों बांहों, हाथों और पैरों पर कई खरोंचें और रगड़ के निशान मिले, जो संघर्ष के संकेत देते हैं।" उन्होंने चेहरे पर भी चोटों का ज़िक्र किया, जिसमें नाक की हड्डी का टूटना भी शामिल है। उसे किसी भारी चीज से लगी चोट की ओर इशारा करता है। डॉ. गुप्ता ने आगे कहा, "चेहरे पर कई खरोंचें मिलीं, साथ ही नाक की हड्डी भी टूटी हुई थी, जो किसी भारी चीज़ से लगी चोट का नतीजा है।"

बार-बार बदल रहा है बयान

इससे एक दिन पहले आरोपी ने अलवर में अपने एक जानकार की पत्नी से भी बलात्कार किया था। बलात्कार और हत्या की दक्षिण दिल्ली की घटना के भयावह डिटेल्स के बारे में जानकारी देते हुए दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि आरोपी राहुल मीणा को अपने कृत्य पर कोई पछतावा नहीं है। वह बार-बार अपना बयान बदल रहा है। आरोपी को अपराध के कुछ घंटों बाद द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया था।

चार्जिंग केबल से घोंटकर की हत्या

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उसने पीड़िता पर भारी वस्तु से वार किया जिससे वह बेहोश हो गई। फिर मोबाइल फोन की चार्जिंग केबल से घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पीड़िता की नाक की हड्डी में फ्रैक्चर के अलावा दोनों हाथों, बाजुओं और पैरों पर कई खरोंच और घाव पाए गए। पुलिस ने कहा कि बाहरी जांच में शरीर पर कई चोटें मिलीं, जो इस बात का संकेत हैं कि पीड़िता ने बचने के लिए काफी संघर्ष किया था। गर्दन के अंदर मांसपेशियों को काफी नुकसान पाया गया। शरीर के सभी अंदरूनी अंग सूजे हुए (खून से भरे हुए) मिले, जो यह दिखाता है कि मौत गला दबाने से हुई है।

अदालत में मांगी माफी

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मीणा से पूछताछ से पता चला है कि वह "विकृत मानसिकता" का व्यक्ति है। इस बीच न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, दिल्ली की अदालत ने आरोपी को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। आरोपी ने अदालत में कहा, "मुझसे अपराध हो गया... गलती हो गई।"

आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या के आरोपी घरेलू नौकर राहुल मीणा को गुरुवार को चार दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया। न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपिका ठाकरान ने दिल्ली पुलिस की उस याचिका को स्वीकार कर लिया, जिसमें 19 साल के दरिंदे को पूछताछ के लिए चार दिन की पुलिस कस्टडी में भेजने का अनुरोध किया गया था। आरोपी का चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। उसे दोपहर करीब 2:30 बजे खचाखच भरे कोर्ट रूम में पेश किया गया।

पैसे के लिए की थी हत्या

मजिस्ट्रेट ने मीणा से मेडिकल-कानूनी रिपोर्ट (एमएलसी) में दर्शाई गई चोटों के बारे में पूछा, जिस पर आरोपी ने कहा कि छत से उतरते समय उसे चोट लगी थी। अदालत द्वारा अन्य सवाल पूछे जाने पर आरोपी ने कहा कि उससे गलती हुई है। मीणा ने कहा कि उसने अपराध किया है। जब अदालत ने आरोपी से अपराध करने का कारण पूछा, तो मीणा ने कहा कि लॉकर खोलने के लिए लड़की की उंगलियों के निशान की जरूरत थी।

ये भी पढ़ें- IRS Daughter Murder Update: IRS अधिकारी की बेटी मर्डर केस में जांच का पूरा अपडेट, जानें- अब तक क्या पता चला

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।