झारखंड के चतरा जिले से हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। जहां पर एक व्यक्ति अपनी ही गुमशुदगी का पंपलेट लेकर थाने पहुंचा। व्यक्ति के हाथ में खुद की गुमशुदगी का पंपलेट देख पुलिस भी हैरान रह गई। दरअसल, गेरुआ गांव के रहने वाले मोहम्मद इरशाद पिछले कुछ समय से गांव के कुछ युवकों की हरकतों से परेशान हैं। चतरा जिले के हंटरगंज थाने में उन्होंने इन युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि करीब दो महीने से 10-12 युवक उन्हें लगातार तंग कर रहे हैं।
मोहम्मद इरशाद ने मोहम्मद आदिल, मोहम्मद छोटू, मोहम्मद आजाद और मोहम्मद सैफ समेत कुछ और युवकों के खिलाफ थाने में शिकायत दी है और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
मनचलों ने लगाया गुमशुदगी का पोस्टर
हाल ही में जब वह घर से बाहर निकले, तो गांव की दीवारों और दुकानों पर अपनी गुमशुदगी के पोस्टर देखकर चौंक गए। पोस्टर में उनकी फोटो थी और लिखा था कि वह 5 जुलाई से लापता हैं। इनके बारे में कुछ भी पता चले तो इनके घरवालों को खबर देने की अपील की गई है। इरशाद ने खुद इस सभी पोस्टर को हटाया। इरशाद ने बताया कि यह सब गांव के वही युवक कर रहे हैं जो उन्हें रोज परेशान करते हैं। वे कभी बाजार में उनका पीछा करते हैं, कभी पत्थर फेंकते हैं, तो कभी ताने मारते हैं।
घर से बाहर निकले में लगता है डर
मोहम्मद इरशाद को अब घर से बाहर निकलने में भी डर लगता है। अब वह सिर्फ नमाज के वक्त ही बाहर जाते हैं, लेकिन उस समय भी उन्हें चैन नहीं मिलता। उस समय भी ये युवक उनको परेशान करते हैं। इन युवकों की मनामानी लगातार बढ़ती ही जा रही है। इरशाद ने बताया कि जब उनकी पत्नी ने इसका विरोध किया, तो युवकों ने उसके साथ भी बदसलूकी की। युवकों के हर दिन ऐसा करने की वजह से वह अब मेंटली स्ट्रेस में रहने लगे हैं। मोहम्मद इरशाद ने पुलिस से कहा, वह पागल नहीं है उनको कोई पत्थर ना मारे।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।