NRI Man Return To India: अमेरिका में पिछले 12 सालों से रह रहे एक भारतीय मूल के व्यक्ति (NRI) ने अपनी शानदार जिंदगी और करोड़ों का पैकेज छोड़कर भारत वापस लौटने का फैसला किया है। 36 वर्षीय इस व्यक्ति का कहना है कि वह चाहता है कि उसके बच्चे अपने दादा-दादी और परिवार के करीब रहकर बड़े हों। जून के मध्य तक वह नवी मुंबई में बसने की प्लानिंग कर रहे है। इस बड़े फैसले को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों से सलाह मांगी है।
करोड़ों की सैलरी और लग्जरी लाइफ का त्याग
Reddit पर अपनी कहानी साझा करते हुए इस शख्स ने बताया कि वह फिलहाल अमेरिका में H1B वीजा पर है। अमेरिका में उसका सालाना पैकेज 2.9 करोड़ रुपये ($320,000) है और उसकी कुल संपत्ति लगभग 9.06 करोड़ रुपये ($1 मिलियन) है। खास बात यह है कि अमेरिका में उसका अपना घर है जो पूरी तरह कर्ज मुक्त है।भारत लौटने पर उन्हें 1.5 करोड़ रुपये सालाना का जॉब ऑफर मिला है, जो अमेरिका की तुलना में लगभग आधा है।
इस शख्स के लिए भारत लौटने की सबसे बड़ी वजह 'परिवार' है। उसने लिखा, 'मेरे माता-पिता हैदराबाद में रहते हैं। हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे अपने दादा-दादी और चचेरे भाई-बहनों के साथ समय बिताएं। परिवार के करीब होना हमारे लिए सबसे बड़ा मोटिवेशन है।' हालांकि, एक तरफ खुशहाली है तो दूसरी तरफ एक बड़ा डर भी, क्योंकि एक जमा-जमाया घर और इतनी बड़ी सैलरी छोड़ना कोई छोटा फैसला नहीं है।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
इस पोस्ट ने इंटरनेट पर एक नई बहस छेड़ दी है। लोगों ने अलग-अलग तरह की राय दी। कई यूजर्स ने उनके फैसले की तारीफ की। एक यूजर ने सुझाव दिया कि अगर संभव हो तो वे हैदराबाद में ही नौकरी तलाशें, क्योंकि वहां 1.5 करोड़ की सैलरी मुंबई के मुकाबले कहीं ज्यादा बेहतर जीवनस्तर देगी। वहीं कुछ यूजर्स ने उन्हें सचेत भी किया। एक व्यक्ति ने लिखा, 'जीवन की गुणवत्ता में आने वाला बदलाव आपको परेशान कर सकता है और शायद बाद में आपको पछतावा हो।' चर्चा का एक बड़ा हिस्सा इस पर भी था कि अमेरिका में जन्मे बच्चे भारत के स्कूलिंग सिस्टम और यहां की जीवनशैली में खुद को कैसे ढाल पाएंगे।