शर्मनाक! फेल हुआ UPI पेमेंट तो वेंडर ने यात्री की पकड़ी कॉलर, समोसे के बदले उतरवा ली महंगी घड़ी, जबलपुर रेलवे स्टेशन पर मचा हंगामा

Jabalpur Station Samosa Vendor: यात्री ने स्टेशन पर वेंडर से समोसा खरीदा और UPI से पेमेंट करने की कोशिश की, लेकिन ट्रांजैक्शन फेल हो गया। इसी बीच ट्रेन चलने लगी, तो यात्री जल्दी में ट्रेन की ओर भागने लगा। वेंडर यात्री को रोककर उसकी कॉलर पकड़ लेता है। जब यात्री बचने की कोशिश करता है, तो वेंडर उसकी घड़ी जबरदस्ती खींच लेता है

अपडेटेड Oct 19, 2025 पर 8:49 AM
यह पूरी घटना प्लेटफॉर्म पर लगे कैमरे और यात्रियों द्वारा बनाए गए 34 सेकंड के एक वीडियो में कैद हो गई

Jabalpur Railway Station: जबलपुर रेलवे स्टेशन से एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर एक समोसा बेचने वाले वेंडर ने एक रेल यात्री की UPI पेमेंट फेल होने पर कॉलर पकड़ ली और समोसे के दाम के बदले उसकी कलाई से जबरदस्ती महंगी घड़ी उतरवा ली। यह पूरी घटना प्लेटफॉर्म पर लगे कैमरे और यात्रियों द्वारा बनाए गए 34 सेकंड के एक वीडियो में कैद हो गई, जिसे 'होनेस्ट क्रिकेट लवर' नाम के यूजर ने 'X' पर शेयर किया।

वीडियो में कैद हुई वेंडर की गुंडागर्दी

जानकारी के मुताबिक, यात्री ने स्टेशन पर वेंडर से समोसा खरीदा और UPI से पेमेंट करने की कोशिश की, लेकिन ट्रांजैक्शन फेल हो गया। इसी बीच ट्रेन चलने लगी, तो यात्री जल्दी में ट्रेन की ओर भागने लगा। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रेन धीरे-धीरे स्टेशन से रवाना हो रही है। वेंडर यात्री को रोककर उसकी कॉलर पकड़ लेता है। जब यात्री बचने की कोशिश करता है, तो वेंडर उसकी घड़ी जबरदस्ती खींच लेता है। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद अन्य यात्रियों में भी आक्रोश फैल गया।


रेलवे ने वेंडर को लिया हिरासत में, लाइसेंस रद्द करने की तैयारी

वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन तुरंत हरकत में आया। जबलपुर के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और आरोपी वेंडर की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए। कुछ ही घंटों में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने आरोपी समोसा वेंडर को हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया। DRM जबलपुर ने 'X' पर पोस्ट करके बताया कि आरोपी वेंडर को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसका वेंडिंग लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया चल रही है।

पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय ने भी इस पर आधिकारिक पोस्ट जारी कर कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और ऐसे असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।